लखनऊ के होटल में गुजरात के व्यक्ति ने की आत्महत्या

Ads

लखनऊ के होटल में गुजरात के व्यक्ति ने की आत्महत्या

  •  
  • Publish Date - August 11, 2026 / 03:00 PM IST,
    Updated On - August 11, 2026 / 03:00 PM IST

लखनऊ, 11 अगस्त (भाषा) लखनऊ के गोमती नगर इलाके के एक होटल के कमरे में गुजरात के रहने वाले एक व्यक्ति का शव फंदे से लटकता पाया गया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान अमित शर्मा के तौर पर हुई है और वह मूल रूप से गुजरात के बनासकांठा जिले के पालनपुर का रहने वाला था लेकिन अपने परिवार के साथ छत्तीसगढ़ में रहता था।

उन्होंने बताया कि होटल प्रबंधक ने सोमवार की शाम कमरे का दरवाजा अंदर से बंद पाया और इसकी जानकारी पुलिस को दी।

पुलिस ने एक बयान में कहा, ‘‘कमरा अंदर से बंद था और दरवाजे के झीरी से देखा कि एक व्यक्ति फंदे से लटका है। ’’

बयान के अनुसार मौके पर पहुंची पुलिस ने व्यक्ति को नीचे उतारा और उसे ट्रॉमा सेंटर ले गयी जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके आधार कार्ड पर दिए गए पते से उसकी पहचान अमित शर्मा के रूप में की गई।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने कमरे से एक फोन, लैपटॉप, कलम, हरे रंग की रस्सी और कपड़ों व अन्य सामान से भरे एक काले बैग को जांच के लिये प्रयोगशाला भेजा है।

बयान में कहा गया, ‘‘शर्मा के मोबाइल फोन से उसकी पत्नी से संपर्क किया गया और उसने पुलिस को बताया कि वह अभी छत्तीसगढ़ के रायपुर में अपने परिवार और बच्चों के साथ रह रही है।’’

पुलिस ने बताया कि शर्मा के रिश्तेदारों को सूचना दे दी गई है और वे लखनऊ पहुंच रहे हैं। साथ ही, पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।

भाषा सलीम धीरज

धीरज