अबू धाबी भारतीय पर्यटकों को प्रवेश वीजा मुफ्त देगा

Ads

अबू धाबी भारतीय पर्यटकों को प्रवेश वीजा मुफ्त देगा

  •  
  • Publish Date - August 11, 2026 / 03:08 PM IST,
    Updated On - August 11, 2026 / 03:08 PM IST

दुबई, 11 अगस्त (भाषा) संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के सबसे बड़े अमीरात अबू धाबी ने छुट्टियां बिताने के लिए होटल और वापसी उड़ान की बुकिंग करने वाले पात्र भारतीय पर्यटकों को यूएई का प्रवेश वीजा मुफ्त देने की योजना शुरू की है।

समाचारपत्र ‘गल्फ न्यूज’ में सोमवार को प्रकाशित रिपोर्ट के मुताबिक, अबू धाबी के संस्कृति एवं पर्यटन विभाग की ओर से शुरू की गई यह योजना एक अगस्त से 31 अक्टूबर तक चलेगी।

रिपोर्ट के मुताबिक, यह योजना उन भारतीय पासपोर्ट धारकों के लिए है, जो अबू धाबी के पर्यटन विभाग से स्वीकृत चुनिंदा यात्रा साझेदारों या ऑनलाइन यात्रा एजेंसियों के माध्यम से बुकिंग कराते हैं।

इस योजना का लाभ लेने के लिए बुकिंग में अबू धाबी के किसी होटल में लगातार कम-से-कम तीन रात ठहरने और भारत से आने-जाने की उड़ान शामिल होना जरूरी है।

अबू धाबी की पर्यटन एजेंसी पात्र बुकिंग के लिए यूएई प्रवेश वीजा की पूरी लागत वहन करेगी। हालांकि, पर्यटक इस योजना के तहत स्वतंत्र रूप से आवेदन नहीं कर सकते हैं। उन्हें भागीदार यात्रा एजेंसियों या ऑनलाइन यात्रा एजेंसियों के माध्यम से ही बुकिंग करनी होगी।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, यूएई का 30 दिन का पर्यटक वीजा आम तौर पर करीब 252 दिरहम (लगभग 6,500 रुपये) का होता है।

अबू धाबी संयुक्त अरब अमीरात के सात अमीरात में सबसे बड़ा और देश की राजधानी है। भारत अबू धाबी के लिए प्रमुख अंतरराष्ट्रीय पर्यटन बाजारों में शामिल है।

भाषा प्रेम प्रेम अजय

अजय