लखनऊ, 10 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के छह जिलों में 17 अगस्त से अगले साल 14 अप्रैल तक अग्निवीर भर्ती रैलियां आयोजित की जाएंगी।
इस सिलसिले में उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव एस पी गोयल की अध्यक्षता में एक बैठक हुई, जिसमें उन्होंने भर्ती स्थलों पर आवागमन, पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा, सुरक्षा एवं यातायात की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक में बताया गया कि मेरठ में 17 अगस्त से नौ सितंबर 2026, बरेली में 14 सितंबर से 30 सितंबर 2026, लखनऊ में 11 जनवरी से 28 जनवरी 2027, वाराणसी में दो फरवरी से 27 फरवरी 2027, आगरा में चार मार्च से 24 मार्च 2027 तथा अयोध्या में 29 मार्च से 14 अप्रैल 2027 तक अग्निवीर भर्ती रैलियों का आयोजन किया जाएगा।
एक बयान के अनुसार, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के अतिरिक्त महानिदेशक (भर्ती) मेजर जनरल मनीष कुमार ने बैठक में भाग लिया और सिविल प्रशासन से मिले सहयोग की सराहना की।
साथ ही, उन्होंने मेरठ, बरेली, लखनऊ, वाराणसी, आगरा और अयोध्या में सेना भर्ती अधिकारी द्वारा आयोजित की जा रही रैलियों के लिए राज्य और जिला प्रशासन से जरूरी तालमेल बनाने भी जोर दिया।
बयान के अनुसार मुख्य सचिव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अग्निवीर भर्ती की यह तीसरी रैली आयोजित की जा रही है, जिसमें बड़ी संख्या में युवा अभ्यर्थियों के भाग लेने की संभावना है।
भाषा आनन्द गोला
गोला