मेरठ, 29 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में केसरगंज स्थित एक मस्जिद के बाहर मंगलवार शाम हनुमान चालीसा का पाठ करने का ऐलान करने वाले हिंदू रक्षा दल ने पुलिस अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद अपना कार्यक्रम रद्द कर दिया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हिंदू रक्षा दल के केसरगंज मस्जिद के बाहर हनुमान चालीसा का पाठ करने के ऐलान के मद्देनजर इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई थी और पांच थानों की पुलिस के साथ पीएसी को तैनात किया गया था।
पुलिस अधीक्षक (नगर) विनायक गोपाल भोसले ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि मस्जिद के बाहर हनुमान चालीसा का पाठ नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि हिंदू रक्षा दल के कुछ कार्यकर्ता सदर बाजार क्षेत्र में पहुंचे थे, जहां पहले से पुलिस बल तैनात था।
भोसले के मुताबिक, कार्यकर्ताओं ने बताया कि वे संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष भूपेंद्र तोमर उर्फ पिंकी चौधरी के आह्वान पर वहां आए थे।
भोसले ने बताया कि बाद में पुलिस इन कार्यकर्ताओं को थाने लेकर गई और उनसे कहा कि माहौल खराब करने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पुलिस के समझाने के बाद कार्यकर्ता वहां से चुपचाप चले गए।
इससे पहले, हिंदू रक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी को कथित तौर पर नजरबंद किए जाने की सूचना के बाद संगठन के कार्यकर्ता सदर बाजार स्थित सीएबी ग्राउंड में जुटने लगे थे और जुलूस के रूप में केसरगंज जाने की तैयारी कर रहे थे।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक (नगर) पुलिस बल के साथ सीएबी ग्राउंड पहुंचे, जहां पुलिस और संगठन के कार्यकर्ताओं के बीच नोकझोंक हुई, जिसके बाद पुलिस ने हिंदू रक्षा दल के क्षेत्रीय प्रभारी पंडित अंकुर शर्मा और जिला अध्यक्ष उत्तम शर्मा को अपने साथ लिया और सदर थाने ले गई।
सूत्रों के मुताबिक, सदर थाने में पुलिस अधिकारियों और संगठन के पदाधिकारियों के बीच करीब 45 मिनट तक बातचीत हुई। इसके बाद बाहर आए दोनों पदाधिकारियों ने बताया कि केसरगंज मस्जिद के बाहर हनुमान चालीसा पाठ का कार्यक्रम अगले आदेश तक रद्द कर दिया गया है।
सूत्रों के अनुसार, कार्यकर्ताओं ने कहा कि अब राष्ट्रीय अध्यक्ष के अगले आदेश के बाद ही आगे का निर्णय लिया जाएगा।
सदर थाना क्षेत्र की केसरगंज मंडी में स्थित मस्जिद की ऊपरी मंजिल पर निर्माण कार्य को लेकर 10 सितंबर को कुछ व्यापारियों ने आपत्ति जताई थी, जिसके बाद पुलिस ने काम रुकवा दिया था।
मस्जिद कमेटी ने व्यापारियों के आरोपों को खारिज करते हुए मस्जिद को ऐतिहासिक धरोहर बताया था। इसके बाद 28 सितंबर को हिंदू रक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष पिंकी चौधरी और ललित शर्मा ने मस्जिद के बाहर मंगलवार शाम छह बजे हनुमान चालीसा पाठ करने का ऐलान किया था।
भाषा
सं. सलीम पारुल
पारुल