लाहौर, 29 सितंबर (भाषा) पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की पुलिस ने लाहौर में अजरबैजान की एक महिला (20) से कथित सामूहिक दुष्कर्म मामले में मंगलवार को दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया और पूछताछ के लिए उनकी छह दिन की पुलिस हिरासत हासिल की।
पुलिस अधिकारी जीशान रजा ने बताया कि संदिग्ध सैयद मोहसिन शाह और सैयद अली जैन को छावनी अदालत में मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया। पुलिस ने पूछताछ, साक्ष्य जुटाने और डीएनए जांच के लिए दोनों की 14 दिन की हिरासत मांगी थी।
उन्होंने बताया, ‘‘मजिस्ट्रेट अजहर महमूद ने संदिग्धों को छह दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।’’
पुलिस के अनुसार पीड़िता बाकू की रहने वाली है और करीब दो सप्ताह पहले कारोबार के सिलसिले में पाकिस्तान आई थी।
महिला के बयान के अनुसार, 25 सितंबर की रात करीब 11 बजे लाहौर में दो महिलाएं उन्हें डिफेंस हाउसिंग अथॉरिटी (डीएचए) क्षेत्र के एक कैफे में ले गईं, जहां तीन पुरुष उनसे मिले। इसके बाद उन लोगों ने महिला और दो अन्य महिलाओं को अपने वाहन में ले जाने की पेशकश की।
पुलिस के अनुसार, तीनों पुरुष पीड़िता को एक फ्लैट में ले गए जहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया।
रजा ने बताया कि पुलिस ने तीसरे संदिग्ध की भी पहचान कर ली है और उसे गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है।
पीड़िता के बयान के अनुसार, संदिग्ध उसका हैंडबैग भी ले गए जिसमें 2,00,000 पाकिस्तानी रुपये, एक आईफोन-13 प्रो मैक्स और एक अन्य मोबाइल फोन था।
भाषा
राखी अविनाश
अविनाश