मुजफ्फरनगर (उप्र), 13 सितंबर (भाषा) खाप प्रमुखों और जाट नेताओं ने हरियाणवी गायक और यूट्यूबर अंकित बालियान की हत्या के मामले में शेष सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रशासन को पांच अक्टूबर तक की मोहलत दी है।
इन नेताओं ने शनिवार को शामली के जिलाधिकारी आलोक यादव और पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह के साथ हुई बैठक में यह मांग रखी।
बालियान खाप के प्रमुख नरेश टिकैत ने शामली में संवाददाताओं को बताया कि खाप प्रमुखों ने शनिवार को कचहरी में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की और अंकित बालियान के परिवार के लिए सुरक्षा, परिवार के एक सदस्य को नौकरी और परिवार को आर्थिक मदद देने की मांग की।
उन्होंने बताया कि खाप प्रमुखों ने बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रशासन को पांच अक्टूबर तक की मोहलत दी गई है।
टिकैत ने यह भी कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हरियाणवी गायक और यूट्यूबर अंकित बालियान की 26 अगस्त को शामली में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस के मुताबिक बालियान जिम से बाहर निकल कर अपनी कार की तरफ जा रहे थे तभी दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं जिनमें से दो उनके सिर में लगी थीं।
पुलिस ने 29 अगस्त को कुछ आरोपियों की पहचान की थी जिनमें से दो, मोहित और सुमित 31 अगस्त को शामली में पुलिस मुठभेड़ में मारे गए थे। पुलिस के मुताबिक, मोहित पर कम से कम 14 आपराधिक मामले दर्ज थे जबकि सुमित पर एक मामला दर्ज था।
भाषा सं सलीम सिम्मी सुरभि
सुरभि