लखनऊ, 18 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अगले 24 घंटे के दौरान व्यापक पैमाने पर वर्षा होने की संभावना है और भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शनिवार को राज्य के ज्यादातर हिस्सों में बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान जताया।
आईएमडी ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी और कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ आंधी आने और बिजली गिरने की भी संभावना है।
मौसम विभाग ने लखनऊ और आसपास के इलाकों में रविवार को बादल छाए रहने तथा बीच-बीच में बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान जताया है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 29 डिग्री सेल्सियस और 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। विभाग ने कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ आंधी चलने और भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की है।
केंद्रीय जल आयोग के अनुसार, गौतम बुद्ध नगर जिले में चेतावनी जारी की गई है क्योंकि नोएडा में हिंडन नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है।
केंद्रीय जल आयोग ने शाम छह बजकर 52 मिनट पर जारी बुलेटिन में कहा कि शाम छह बजे हिंडन नदी का जलस्तर 196.16 मीटर था, जो 196 मीटर के खतरे के निशान से 0.16 मीटर ऊपर है।
लखनऊ में शनिवार को अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.5 डिग्री कम रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 27.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक था। शहर में सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे के बीच बहुत हल्की वर्षा दर्ज की गई।
राज्य के प्रमुख स्थानों में बांदा में सबसे अधिक 70.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके बाद हमीरपुर में 45 मिलीमीटर, गाजीपुर में 41.6 मिलीमीटर, सोनभद्र के चुर्क में 29.4 मिलीमीटर, झांसी में 9.8 मिलीमीटर, बाराबंकी में नौ मिलीमीटर, बलिया में 6.1 मिलीमीटर, बरेली में 5.4 मिलीमीटर, उरई में 4.2 मिलीमीटर, शाहजहांपुर में दो मिलीमीटर, प्रयागराज में 1.6 मिलीमीटर, फुरसतगंज में 0.8 मिलीमीटर, गोरखपुर और मुरादाबाद में 0.4-0.4 मिलीमीटर तथा बहराइच में 0.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
कानपुर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, आगरा, अयोध्या, सुल्तानपुर और बस्ती समेत कई अन्य स्थानों पर इस अवधि में बारिश नहीं हुई।
मानसून की मौजूदा स्थितियों के कारण कई स्थानों पर दिन का तापमान सामान्य से कम रहा। हालांकि, बुंदेलखंड के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया।
भाषा आनन्द
सिम्मी
सिम्मी