प्रतापगढ़ (उप्र), एक जुलाई (भाषा) अयोध्या में राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मामले में गिरफ्तार किए गए आठ लोगों में शामिल आरोपी अविनाश शुक्ला के परिवार ने कहा है कि अगर वह दोषी पाया जाता है तो उसे दंडित किया जाना चाहिए, लेकिन अगर वह निर्दोष है तो उसे न्याय मिलना चाहिए।
पुलिस द्वारा की जा रही मामले की जांच में प्रतापगढ़ जिले के महेशगंज थाना क्षेत्र के बाबूपुर नरियावां गांव निवासी शुक्ला को गिरफ्तार किया गया है।
शुक्ला के पिता राम सजीवन शुक्ला ने बताया कि अविनाश करीब एक साल से अपने बड़े भाई अभिषेक शुक्ला के साथ अयोध्या में रह रहे थे।
अभिषेक 2021 से अयोध्या के एक प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक के रूप में कार्यरत हैं।
उन्होंने कहा, ‘परिवार को उम्मीद थी कि दोनों भाई हमारी आर्थिक स्थिति में सुधार करेंगे, लेकिन अब सब कुछ बदल गया है।’
भावुक होते हुए राम सजीवन ने कहा कि गांव और रिश्तेदारों में लोग मामले के बारे में उनसे सवाल पूछ रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘अदालत इस मामले का फैसला करेगी। भगवान राम सभी के कर्मों का न्याय करेंगे।’
अविनाश की मां मिथलेश ने कहा कि परिवार ने अपने बच्चों को ईमानदारी के मूल्यों के साथ बड़ा किया है।
उन्होंने कहा, ‘अगर उसने कोई गलती की है तो उसे सजा मिलनी चाहिए। अगर वह निर्दोष है तो उसे न्याय मिलना चाहिए।’
परिवार में पांच बेटे हैं, जिनमें से तीन गांव में खेती करते हैं।
परिवार ने कहा कि वह कानून का सम्मान करता है और निष्पक्ष जांच चाहता है।
भाषा सं जफर पवनेश वैभव
वैभव