अगर मेरा बेटा आतंकी गतिविधियों में शामिल हैं तो उसे सजा मिले : रिजवान का पिता

अगर मेरा बेटा आतंकी गतिविधियों में शामिल हैं तो उसे सजा मिले : रिजवान का पिता

अगर मेरा बेटा आतंकी गतिविधियों में शामिल हैं तो उसे सजा मिले : रिजवान का पिता
Modified Date: April 6, 2026 / 10:16 pm IST
Published Date: April 6, 2026 10:16 pm IST

कुशीनगर (उप्र), छह अप्रैल (भाषा) दिल्ली पुलिस की विशेष शाखा द्वारा उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के युवक रिजवान को आतंकी गतिविधियों में शामिल होने के संदेह में गिरफ्तार किए जाने के बाद, उसके पिता ने कहा कि अगर उनका बेटा वास्तव में आतंकी गतिविधियों में संलिप्त है तो उसे कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।

रिजवान के पिता निजामुद्दीन लेखपाल के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। उन्होंने सोमवार को रिजवान के बारे में पूछे जाने पर कहा, ‘‘बेटे की करतूत से वह अनजान थे, लेकिन अगर बेटा आतंकी गतिविधियों में लिप्त है तो उसे कड़ी से कड़ी सजा मिले।”

रिजवान चार भाइयों और तीन बहनों में सबसे बड़ा है। उसे जानने वालों के अनुसार, रिजवान ने कुशीनगर के बुद्ध इंटर कॉलेज से 12वीं कक्षा तक की पढ़ाई की है। उसके पड़ोस को रिजवान की अवैध गतिविधियों के बारे में बिल्कुल भी जानकारी नहीं थी। उसकी गिरफ्तारी से आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, रिजवान का स्वभाव सामान्य और शांत था, इसीलिए किसी को भी उस पर कभी कोई संदेह नहीं हुआ। इलाके के निवासियों के मुताबिक, रिजवान आमतौर पर अकेला रहता था और सामाजिक गतिविधियों में बहुत कम ही हिस्सा लेता था।

दिल्ली पुलिस की विशेष शाखा ने रिजवान को आतंकवादी गतिविधियों में संलिप्तता के संदेह में शनिवार को गिरफ्तार कर अपने साथ राष्ट्रीय राजधानी ले गई।

कुशीनगर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) केशव कुमार ने बताया कि आतंकी गतिविधियों में संलिप्त युवक के दिल्ली पुलिस की विशेष शाखा व आतंकवाद रोधी दस्ते (एटीएस) की टीम द्वारा गिरफ्तारी के बाद जिले में सतर्कता बढ़ा दी गई है। पुलिस के साथ-साथ स्थानीय सुरक्षा एजेंसियां हर गतिविधियों पर नजर रखे हुए है।

पुलिस ने बताया कि इंस्पेक्टर निशांत दहिया के नेतृत्व में 10 सदस्यीय दल शनिवार देर शाम पडरौना पहुंचा और स्थानीय पुलिस की सहायता से रिजवान अहमद को पकड़ने के बाद जांच के लिए उसका मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जब्त कर लिए।

भाषा सं आनन्द धीरज

धीरज


लेखक के बारे में