बागपत (उत्तर प्रदेश), 16 मई (भाषा) बागपत जिले के बड़ौत कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ने शनिवार को अवैध हथियार बनाने की फैक्टरी का भंडाफोड़ करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में अवैध हथियार, कारतूस और हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने शनिवार को बताया कि पूर्वी यमुना नहर झाल के पास एक खंडहरनुमा भवन में लंबे समय से अवैध असलहा फैक्ट्री संचालित किए जाने की सूचना मिली थी जिसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर मौके से सलीम , फरमान और शोएब को गिरफ्तार किया।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में फरमान और शोएब बागपत जिले के निवासी हैं, जबकि सलीम मेरठ क्षेत्र का रहने वाला है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 13 तमंचे .315 बोर, पांच तमंचे 12 बोर, दो अवैध 12 बोर बंदूकें, दो जिंदा कारतूस .315 बोर, पांच खोखा कारतूस और छह अधबनी नाल बरामद की हैं। इसके अलावा हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले विभिन्न उपकरण भी जब्त किए गए हैं।
एसपी ने बताया कि गिरोह का मास्टरमाइंड पुलिस कार्रवाई के दौरान फरार हो गया।
इस संबंध में थाना बड़ौत में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
भाषा सं जफर राजकुमार
राजकुमार