भदोही (उप्र), 28 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व गृह राज्य मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता रंगनाथ मिश्रा की संपत्ति पर निर्माणाधीन चारदीवारी को कथित तौर पर हथियारबंद लोगों ने ध्वस्त कर दिया और काम जारी रखने देने के एवज में पांच लाख रुपये की मांग की। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार, कल्याण सिंह और राम प्रकाश गुप्ता सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे मिश्रा गोपीगंज के लालानगर क्षेत्र में दो बीघे से अधिक जमीन पर चारदीवारी का निर्माण करा रहे थे।
मिश्रा के पुत्र मनमोहन मिश्रा द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत में आरोप लगाया गया कि हथियारबंद लोगों का एक समूह मौके पर पहुंचा, आंशिक रूप से बनी दीवार को गिरा दिया और मजदूरों को काम जारी रखने पर अंजाम भुगतने की चेतावनी देते हुए भगा दिया।
इसमें कहा गया कि आरोपियों ने कथित तौर पर निर्माण कार्य जारी रखने देने के लिए पांच लाख रुपये की मांग की।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि घटना 26 फरवरी की है और शिकायत के आधार पर 27 फरवरी की शाम गोपीगंज थाने में भगवती सिंह, उनके दो पुत्र धर्मेंद्र कुमार सिंह और कृष्ण कुमार सिंह तथा चार अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस मिश्रा के परिवार द्वारा की गई सुरक्षा की मांग की भी समीक्षा कर रही है।
भाषा सं जफर खारी
खारी