भदोही, 22 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में दो सहेलियों ने सल्फास की गोलियां खा लीं, जिससे एक युवती की मौत हो गई जबकि दूसरी लड़की का इलाज जारी है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि घटना सुरियावां थाना क्षेत्र के पट्टीबेजांव गांव में शुक्रवार शाम हुई।
उन्होंने बताया कि घनिष्ठ सहेलियां कविता (18) और साधना (19) ने एक साथ सल्फास की गोलियां खा लीं, जिससे दोनों की हालत बिगड़ गई।
अधिकारी ने बताया कि परिजन दोनों को महाराजा बलवंत सिंह राजकीय अस्पताल ले गए, जहां कविता की हालत गंभीर होने पर उसे वाराणसी स्थानांतरित कर दिया गया हालांकि इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि साधना का इलाज जारी है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
शहर क्षेत्राधिकारी (सीओ) सुमित त्रिपाठी ने बताया कि कविता के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया और मामले की जांच की जा रही है।
उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर मिलने के बाद मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, साधना के परिजनों ने बताया कि साधना की शादी दो महीने पहले उसकी इच्छा के विरुद्ध ज्ञानपुर क्षेत्र में हुई थी और वह करीब एक महीने से अपने मायके में रह रही थी।
परिजनों ने बताया कि साधना अपने पति को पसंद नहीं करती थी।
वहीं, कविता का प्रेम संबंध उसके परिवार को मंजूर नहीं था।
पुलिस ने बताया कि इसी बात को लेकर दोनों सहेलियों के बीच बातचीत हुई और उन्होंने अपने-अपने दुखों से परेशान होकर आत्महत्या करने का फैसला किया।
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार को दोनों ने बाजार से सल्फास की गोलियां खरीदीं और कविता ने दो गोलियां जबकि साधना ने एक गोली खाई।
क्षेत्राधिकारी सुमित त्रिपाठी ने बताया कि साधना का मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज कराया गया और मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने बताया कि साधना की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।
भाषा सं आनन्द जितेंद्र
जितेंद्र