संभल, 25 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के संभल जिला प्रशासन ने शाही जामा मस्जिद के आसपास के क्षेत्र में भवन निर्माण नियमों का कथित तौर पर उल्लंघन करने और बिना नक्शा स्वीकृत कराए निर्माण करने के मामले में 36 निर्माण कार्यों के मालिकों को नोटिस जारी किया गया। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के मुताबिक, चंदौसी चौराहे से चौधरी सराय तक के विनियमित क्षेत्र में संभल महायोजना-2031 के तहत यह कार्रवाई की गई।
उन्होंने बताया कि इसमें शाही जामा मस्जिद के पीछे का क्षेत्र और टंडन चौराहे की ओर का हिस्सा भी शामिल है।
उपजिलाधिकारी (एसडीएम) विकास चंद्र ने बताया कि विनियमित क्षेत्र में प्रवर्तन की कार्रवाई लगातार जारी है। उन्होंने पत्रकारों को बताया, ‘‘संभल महायोजना-2031 के तहत हमने 36 ऐसे मामले चिह्नित किए हैं, जहां नक्शा स्वीकृत नहीं कराया गया था। आज (मंगलवार को) सभी को नोटिस दिया गया है।’’
चंद्र ने बताया कि इससे पहले क्षेत्र का दो बार निरीक्षण किया गया था, जिसमें एक संयुक्त निरीक्षण भी शामिल था।
एसडीएम ने बताया कि संबंधित कानून की धारा के तहत नोटिस जारी कर पूछा गया है कि बिना स्वीकृति के निर्माण क्यों किया गया और सभी संबंधित लोगों को सात दिन के भीतर जवाब देने को कहा गया है।
उन्होंने बताया, ‘‘उन्हें सुनवाई का अवसर दिया जाएगा। उसके बाद सक्षम प्राधिकारी के निर्णय के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।’’
भाषा सं आनन्द जितेंद्र
जितेंद्र