उत्तर प्रदेश के भदोही, बदायूं, फतेहपुर और सोनभद्र जिलों में तूफान और बारिश से 31 लोगों की मौत

उत्तर प्रदेश के भदोही, बदायूं, फतेहपुर और सोनभद्र जिलों में तूफान और बारिश से 31 लोगों की मौत

उत्तर प्रदेश के भदोही, बदायूं, फतेहपुर और सोनभद्र जिलों में तूफान और बारिश से 31 लोगों की मौत
Modified Date: May 14, 2026 / 12:01 am IST
Published Date: May 14, 2026 12:01 am IST

भदोही/बदायूं/फतेहपुर/सोनभद्र (उप्र), 13 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के भदोही, बदांयू, फतेहपुर और सोनभद्र जिलों में भारी बारिश के साथ आए शक्तिशाली तूफान के कारण बुधवार को 31 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि फ़तेहपुर में कम से कम नौ, भदोही में सोलह, बदायूं में पांच और सोनभद्र जिले में एक व्यक्ति की जान गई है।

भदोही में अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट कुंवर वीरेंद्र कुमार मौर्य ने कहा कि कई क्षेत्रों से उखड़े हुए पेड़ों, बिजली के खंभों और क्षतिग्रस्त घरों के बारे में खबरें आ रही हैं।

उन्होंने कहा कि तूफान के कारण मोबाइल नेटवर्क बाधित होने से सामान्य स्थिति बहाल करने और बचाव कार्यों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

मौर्य ने कहा कि भदोही जिले की तीनों तहसीलों में उप-विभागीय मजिस्ट्रेट, तहसीलदार, जिले के अन्य अधिकारी और पुलिसकर्मी निरीक्षण और राहत कार्य चला रहे हैं।

‘एक्स’ पर एक पोस्ट में भदोही पुलिस ने बताया कि धूल भरी आंधी के कारण जिले में अलग-अलग घटनाओं में 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि छह घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर है ।

बदायूं में भीषण धूल भरी आंधी और बारिश के कारण हुई अलग-अलग घटनाओं में दो नाबालिग लड़कियों समेत पांच लोगों की मौत हो गई और पांच लोग घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, बिसोली थानाक्षेत्र के सिद्धपुर कैथोली गांव में तूफान के दौरान एक कच्चे मकान की दीवार गिरने से दो लड़कियों – मौसमी (10) और रजनी (9) – की मौत हो गई।

तेज हवाएं चलने के बाद कल्लो और नेहा नाम की दो महिलाओं के साथ ये लड़कियां वहां शरण लेने आई थीं।

अधिकारियों ने बताया कि तूफान में दीवार गरने से चारों लोग मलबे के नीचे दब गए। उन्होंने बताया कि दो लड़कियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिलाओं को गंभीर चोटें आईं।

फैजगंज बेहटा थानाक्षेत्र के तारक परोली गांव में एक अन्य घटना में एक पेड़ एक ट्यूबवेल के कमरे पर गिर गया जिससे लक्ष्मी (40) नामक एक महिला की मौत हो गई। ट्यूबवेल के कमरे में कई लोगों ने तूफान से बचने के लिए शरण ली थी।

इस ढांचे की छत गिरने से गीता नाम की एक महिला सहित तीन अन्य लोग घायल हो गए। गीता की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस ने बताया कि बिसोली इलाके में बिल्सी रोड के पास एक अलग दुर्घटना में ट्रक चालक योगेश (32) की मौत हो गई। उसने बताया कि एक पेड़ जड़ से उखड़कर उसके वाहन पर गिर गया।

उसने बताया कि बिसौली के साहूकारा इलाके का निवासी 22 वर्षीय अंशुल शर्मा की तूफान के दौरान एक पेड़ गिरने से मौत हो गई।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) हृदेश कुमार कटारिया ने बताया कि बिसोली और फैजगंज बेहटा थानाक्षेत्रों में तूफान से संबंधित घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गई है, जबकि लगभग पांच अन्य घायल हो गए हैं।

फतेहपुर के अपर जिला मजिस्ट्रेट अविनाश त्रिपाठी ने बताया कि फतेहपुर में तूफान जनित घटनाओं में नौ लोगों की मौत हो गई और 16 घायल हो गए।

उन्होंने कहा, ‘‘खागा तहसील में पांच महिलाओं सहित आठ लोगों की मौत हो गई जबकि सदर तहसील में एक घर की दीवार गिरने से एक महिला की मौत हो गई। तूफान से संबंधित घटनाओं में कुल नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि 16 लोग घायल हो गए।’’

सोनभद्र में, माधव सिंह (38) नामक एक व्यक्ति की उस समय मौत हो गई जब वह पेड़ के नीचे शरण लेने के लिए रुका। पेड़ उसपर गिर गया। पुलिस ने बताया कि घटना पुन्नूगंज थाना क्षेत्र में हुई ।

भाषा सं जफर राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में