लखनऊ, 26 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री पद से धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि उनके द्वारा पद त्यागना इस बात का प्रमाण है कि युवाओं का हित और उज्ज्वल भविष्य ही उनकी शीर्ष प्राथमिकता है।
राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर नयी दिल्ली के जंतर-मंतर समेत देशभर में जारी विद्यार्थियों के विरोध प्रदर्शन के बीच धर्मेंद्र प्रधान ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के पद से अपना इस्तीफा शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भेजा।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने शनिवार देर रात ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘धर्मेंद्र प्रधान ने राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और हित के लिए उनकी भावनाओं का सम्मान करते हुए अपने पद को त्याग दिया है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘धर्मेंद्र प्रधान द्वारा पद त्यागना इस बात का प्रमाण है कि युवाओं का हित और उज्ज्वल भविष्य ही उनकी शीर्ष प्राथमिकता है।’’
पाठक ने कहा, ‘‘धर्मेंद्र प्रधान सदैव विद्यार्थियों के हितों की रक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य हेतु समर्पित भाव से सेवारत रहे हैं। भारत की शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा, नई सोच और नई गति प्रदान करने के लिए राष्ट्रीय शिक्षा नीति उनकी इसी प्रतिबद्धता का प्रमाण है।’’
उपमुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी ने सदैव विद्यार्थियों की आशाओं, आकांक्षाओं, भावनाओं और उनके उज्ज्वल भविष्य को शीर्ष प्राथमिकता दी है। राष्ट्रहित के लिए आपका अतुलनीय योगदान और प्रयास सदैव अविस्मरणीय रहेगा।’’
भाषा आनन्द गोला
गोला