धर्मेंद्र प्रधान के इस्‍तीफे के बाद लखनऊ में कांग्रेस ने जश्न मनाया, मिठाइयां बांटी

Ads

धर्मेंद्र प्रधान के इस्‍तीफे के बाद लखनऊ में कांग्रेस ने जश्न मनाया, मिठाइयां बांटी

  •  
  • Publish Date - July 25, 2026 / 10:55 PM IST,
    Updated On - July 25, 2026 / 10:55 PM IST

लखनऊ, 25 जुलाई (भाषा) केन्‍द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के शनिवार को इस्तीफे के बाद लखनऊ में कांग्रेस नेताओं ने खुशी का इजहार किया और मिठाइयां बांटीं तथा यह ऐलान भी किया कि अभी संघर्ष रुकने वाला नहीं है।

कांग्रेस की उप्र इकाई के अध्‍यक्ष और पूर्व मंत्री अजय राय ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘नीट परीक्षा में शामिल हुए छात्रों के साथ मिठाइयां बांटी गईं। इनमें से कुछ छात्रों ने नीट परीक्षा पास कर ली थी, जबकि कुछ ऐसा नहीं कर पाए।’

उन्होंने कहा कि नयी दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के बाहर विपक्ष के नेता राहुल गांधी का धरना पूरे विरोध प्रदर्शन का ‘महत्वपूर्ण मोड़’ साबित हुआ।

उप्र कांग्रेस ने ”एक्‍स” पर एक पोस्‍ट में कहा, ”लखनऊ स्थित कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में आज जश्न का माहौल साफ देखने को मिला, जहां पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने एकजुट होकर अपनी खुशी का इजहार किया। लगातार विरोध प्रदर्शनों और छात्रों के तीखे संघर्ष के बाद आखिरकार धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की खबर पर कांग्रेस दफ्तर में लड्डू बांटे गए।”

पोस्‍ट में कहा गया कि ”इस दौरान नेताओं ने दो टूक कहा कि यह जीत सिर्फ एक मंत्री की कुर्सी जाने की नहीं है, बल्कि उस भ्रष्ट और नाकारा व्यवस्था के खिलाफ युवाओं के आक्रोश की जीत है जिसने पेपर लीक के जरिए देश के भविष्य को अंधकार में धकेलने का काम किया था।”

पोस्‍ट में कहा गया, ”उत्तर प्रदेश की राजधानी से उठी इस गूंज ने साफ कर दिया है कि अहंकार और तानाशाही के दम पर चलने वाली सरकारें अब जनता के दबाव के आगे ज्यादा दिन टिक नहीं सकतीं।”

कांग्रेस की उप्र इकाई ने एक अन्‍य पोस्‍ट में कहा कि ”दिल्ली में अपने अधिकारों के लिए शांतिपूर्वक आवाज़ उठाने वाले मासूम छात्रों पर किया गया बर्बर लाठीचार्ज सीधे तौर पर लोकतंत्र की हत्या है। युवाओं के भविष्य के साथ हो रहे इस खिलवाड़ के विरोध में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमिटी के आह्वान पर पूरे प्रदेश में व्यापक जनाक्रोश देखने को मिला।”

इस पोस्‍ट में कहा गया कि ”गौतम बुद्ध नगर, अयोध्या, मऊ शहर और चित्रकूट में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और युवाओं ने एकजुट होकर विशाल कैंडल मार्च निकाला। सड़कों पर गूंजता एक ही नारा था- ‘पेपर चोर, गद्दी छोड़!’ छात्रों के अटूट संघर्ष और बढ़ते जनदबाव के कारण धर्मेंद्र प्रधान को भले ही अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा हो, लेकिन युवाओं का यह आंदोलन यहां समाप्त नहीं होगा।”

कांग्रेस ने पोस्‍ट में दावा किया कि ”जब तक छात्रों की दो प्रमुख मांगें पूरी नहीं होतीं, यह संग्राम जारी रहेगा। दोषियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई हो और शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वाले छात्रों पर लाठियां बरसाने वाले पुलिसकर्मियों और संबंधित अधिकारियों पर सख्त से सख्त कदम उठाया जाए।”

इसी पोस्‍ट में कहा गया कि ”देश के करोड़ों युवाओं के भविष्य को अधर में लटकाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश के सभी छात्रों से माफी मांगें। जब तक देश के युवाओं को पूरा न्याय नहीं मिल जाता, तब तक कांग्रेस पार्टी इस लड़ाई को सड़क से लेकर संसद तक पूरी ताकत के साथ लड़ती रहेगी।”

उप्र कांग्रेस के एक अन्‍य पोस्‍ट में कहा गया कि ”देश भर के युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ के खिलाफ उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमिटी के आह्वान पर प्रदेश के कोने-कोने में जोरदार प्रदर्शन हुआ। बरेली, गोरखपुर, प्रयागराज और बुलंदशहर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और युवाओं ने सड़कों पर उतरकर विशाल ‘कैंडल मार्च’ निकाला।”

भाषा आनन्‍द आशीष

आशीष