बुंदेलखंड को बड़ी सौगात: 7,968 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा झांसी लिंक एक्सप्रेसवे
बुंदेलखंड को बड़ी सौगात: 7,968 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा झांसी लिंक एक्सप्रेसवे
लखनऊ, 25 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई मंत्रिमंडल की बैठक में बुंदेलखंड के बुनियादी ढांचे और सड़क संपर्क को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए 7,968.30 करोड़ रुपये की लागत से झांसी लिंक एक्सप्रेसवे परियोजना के विकास को मंजूरी दे दी गई।
राज्य सरकार की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, झांसी लिंक एक्सप्रेसवे के निर्माण से बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण (बीडा) क्षेत्र, डिफेंस कॉरिडोर और झांसी जिले के आसपास के महत्वपूर्ण स्थलों तक बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध होगा।
बयान के मुताबिक इस एक्सप्रेसवे के जरिये प्रदेश और देश के अन्य हिस्सों से इन क्षेत्रों तक सुरक्षित एवं तेज आवागमन की सुविधा मिलेगी।
अधिकारियों ने बताया कि परियोजना की अनुमानित लागत 7,968.30 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है और इसका पूरा खर्च राज्य सरकार वहन करेगी।
उन्होंने बताया कि मंत्रिमंडल की मंजूरी मिलने के बाद परियोजना का निर्माण कार्य जल्द शुरू करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
भाषा
सलीम रवि कांत

Facebook


