अपने गृह जिले का विकास न कर पाने के लिए केशव प्रसाद मौर्य को पद से इस्तीफा दे देना चाहिए: सपा सांसद
अपने गृह जिले का विकास न कर पाने के लिए केशव प्रसाद मौर्य को पद से इस्तीफा दे देना चाहिए: सपा सांसद
कौशांबी (उप्र), 15 जून (भाषा) कौशांबी के समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता एवं सांसद पुष्पेंद्र सरोज ने सोमवार को उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह जिले का विकास नहीं कर सके, इसलिए उन्हें अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
सांसद सरोज ने आज कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उपमुख्यमंत्री अपने गृह जिले का विकास नहीं कर पा रहे हैं तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि केशव प्रसाद मौर्य शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों को निभाने में असफल रहे हैं। उनके गृह जिले में अधिकारियों और चिकित्सकों की कमी है जो कि नहीं होनी चाहिए। लगभग 10 सालों से वह उपमुख्यमंत्री हैं, लेकिन वह इसका विकास नहीं कर पा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उप मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से यात्रा करते हैं इसलिए उन्हें जिले की जर्जर सड़कों की स्थिति का पता नहीं चलता। यदि वह सड़क मार्ग से आएं तो उन्हें वास्तविक स्थिति का पता चलेगा।
उन्होंने दिशा की बैठक में पेश किए गए आंकड़ों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि बैठक में जो आंकड़े पेश किए गए हैं वह चौंकाने वाले और फर्जी थे।
उन्होंने बताया कि कौशांबी प्रशासन द्वारा की गई फर्जी आंकड़ेबाजी के खिलाफ मंगलवार को एक प्रेस वार्ता आयोजित की जाएगी।
भाषा सं आनन्द सुरभि
सुरभि

Facebook


