मंदिर परिसर से अपह्रत बच्चे को मुठभेड़ के बाद मुक्त कराया
मंदिर परिसर से अपह्रत बच्चे को मुठभेड़ के बाद मुक्त कराया
बरेली (उप्र), 27 मई (भाषा) बरेली जिले के आंवला क्षेत्र में मनौना धाम मंदिर परिसर से रविवार को अपहृत डेढ वर्षीय बच्चे को पुलिस ने आरोपियों के साथ मुठभेड़ के बाद बरामद कर लिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि इस मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से दो आरोपी घायल हो गए जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिण) अंशिका वर्मा ने बताया कि आरोपियों ने इस बच्चे का रविवार को मनौना धाम से अपहरण कर लिया था तथा उनकी योजना इस बच्चे को 60,000 रुपये में बेचने की थी।
उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर में सफाई कर्मचारी रमन ने पुलिस को सूचना दी कि उसके तीन बच्चे खेलते हुए सड़क की ओर निकल गये थे, कुछ समय बाद दो बच्चे वापस आ गये जबकि ढेड़ वर्षीय छोटा बच्चा गायब हो गया।
वर्मा के अनुसार इस सूचना पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की और ‘सर्विलांस सेल’, एसओजी, फील्ड यूनिट के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि टीम ने लगातार घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरों को खंगालने पर दो अज्ञात व्यक्तियों की घटना में संलिप्ता पाई।
उन्होंने बताया कि मंगलवार रात टीम द्वारा अज्ञात आरोपियों की गिरफ्तारी और बच्चे की सकुशल बरामदगी के लिए विभिन्न स्थानों पर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा था।
वर्मा के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली कि ये व्यक्ति मोटरसाइकिल से बच्चे को बेचने के लिए दिल्ली ले जाने की फिराक में है।
उन्होंने बताया कि इस सूचना पर पुलिस टीम ने फुलासी तिराहे के पास आने जाने वाले संदिग्ध वाहनों/व्यक्तियों की जांच करने लगी, इस दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति, एक बच्चे के साथ आते दिखाई दिये जिन्हें पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन वे मोटरसाइकिल मोड़कर भागने लगे।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस दौरान मोटरसाइकिल के फिसलने से दोनों बदमाश गिर गये और बच्चा पास की झाड़ियों में गिर गया जिसके पश्चात दोनो बदमाश मौके से भागने लगे।
उन्होंने कहा कि पुलिस से घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपी घायल हो गए।
उन्होंने बताया कि आरोपियों की पहचान योगेश कन्नौजिया और पवन चंदेल के रूप में हुई है तथा दोनों ही शाहजहांपुर के निवासी हैं।
उन्होंने कहा कि बदमाशों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, 02 खोखा कारतूस बरामद किये।
भाषा सं राजेंद्र
राजकुमार
राजकुमार

Facebook


