गोंडा में कोडीन युक्त कफ सिरप की बड़ी खेप पकड़ी गई, बिक्री पर रोक

Ads

गोंडा में कोडीन युक्त कफ सिरप की बड़ी खेप पकड़ी गई, बिक्री पर रोक

  •  
  • Publish Date - May 31, 2026 / 01:35 PM IST,
    Updated On - May 31, 2026 / 01:35 PM IST

गोंडा (उप्र), 31 मई (भाषा) गोंडा जिले में कोडीन युक्त कफ सिरप की एक बड़ी खेप मिलने के बाद प्रशासन ने बिक्री पर रोक लगाकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

अपर जिलाधिकारी (एडीएम) आलोक कुमार ने बताया कि कौड़िया क्षेत्र की एक फार्मा फर्म ने नोएडा से कोडीन युक्त कफ सिरप की खेप मंगाई थी। यह खेप जिला मुख्यालय पर जानकी नगर स्थित एक परिवहन कंपनी के गोदाम पर पहुंची थी।

उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और औषधि विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। इस खेप में 132 गत्ते शामिल हैं। औषधि निरीक्षक सुमित वर्मा के अनुसार, गत्तों में कफ सिरप की 3,168 बोतलें हैं।

अधिकारियों के अनुसार खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने दवाओं के नमूने जांच के लिए भेज दिए हैं। जांच पूरी होने तक इसकी बिक्री पर रोक लगा दी गई है।

संबंधित फर्म ने खरीद के बिल और दस्तावेज उपलब्ध कराए हैं। फर्म से पिछले छह माह के खरीद-बिक्री संबंधी रिकॉर्ड भी मांगे गए हैं।

एडीएम ने बताया कि जांच का उद्देश्य यह पता लगाना है कि इतनी बड़ी मात्रा में कोडीन युक्त कफ सिरप किस प्रयोजन से मंगाई गई थी और इसकी आपूर्ति किन क्षेत्रों में होनी थी। पूरे रिकॉर्ड और आपूर्ति श्रृंखला की विस्तृत जांच की जा रही है।

जिले में इससे पहले भी कोडीन युक्त कफ सिरप के अवैध भंडारण और बिक्री के मामले सामने आए हैं।

अधिकारियों के मुताबिक 2025 में की गई कार्रवाई में तीन मेडिकल स्टोर के लाइसेंस निलंबित किए गए थे जबकि एक फार्मा फर्म का लाइसेंस निरस्त कर दिया गया था।

भाषा सं आनन्द अमित सुरभि

सुरभि