विधान परिषद चुनाव भाजपा के निरंतर संपर्क एवं संवाद को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर: पंकज चौधरी

Ads

विधान परिषद चुनाव भाजपा के निरंतर संपर्क एवं संवाद को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर: पंकज चौधरी

  •  
  • Publish Date - September 26, 2026 / 08:37 PM IST,
    Updated On - September 26, 2026 / 08:37 PM IST

लखनऊ, 26 सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तर प्रदेश की इकाई के अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने शनिवार को कहा कि विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक की सीट पर चुनाव केवल चुनावी प्रक्रिया नहीं बल्कि प्रदेश के शिक्षित, बुद्धिजीवी एवं स्नातक मतदाताओं के साथ पार्टी के निरंतर संपर्क एवं संवाद का अवसर है।

चौधरी ने प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह के साथ लखनऊ के अवध क्षेत्र में पार्टी पदाधिकारियों और प्रमुख नेताओं के साथ शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद चुनाव की तैयारियों को लेकर बैठक की।

बैठक में चुनावी रणनीति, मतदाता संपर्क, बूथ और मतदान केंद्र प्रबंधन तथा मतदान प्रतिशत बढ़ाने को लेकर चर्चा हुई।

भाजपा मुख्यालय से जारी बयान के अनुसार, चौधरी ने कहा कि अब चुनाव की अंतिम तैयारियों का समय है और प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरी ताकत के साथ जुटना होगा।

उन्होंने कहा कि नामांकन से एक दिन पहले तक मतदाता फॉर्म जमा कराए जा सकते हैं और जिन कार्यकर्ताओं के पास भरे हुए फॉर्म हैं, उन्हें तत्काल जमा कराया जाए।

चौधरी ने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक मतदाता तक व्यक्तिगत रूप से पहुंचने, संवाद करने और मतदान के दिन मतदान सुनिश्चित कराने की अपील की।

उन्होंने कहा कि शिक्षक और स्नातक सीट पर चुनाव में भी सामान्य चुनावों की तरह पन्ना प्रमुख व्यवस्था को प्रभावी रूप से लागू किया जाए।

प्रत्येक पन्ने के मतदाताओं की पहचान कर उनसे नियमित संपर्क रखा जाए। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों के प्रमुखों के साथ बैठकें आयोजित की जाएं और विधानसभा स्तर पर शिक्षक एवं स्नातक सम्मेलन शुरू किए जाएं।

धर्मपाल सिंह ने कहा कि मतदाता सूची संगठन की चुनावी रणनीति का आधार है।

उन्होंने कहा कि पन्ना प्रमुख केवल नामित कार्यकर्ता न रहें बल्कि अपने पन्ने के प्रत्येक मतदाता से संपर्क, संवाद और मतदान तक की जिम्मेदारी निभाएं।

उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीट के लिए चुनाव 23 अक्टूबर को होगा और मतगणना 27 अक्टूबर को की जाएगी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा के अनुसार, पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए अधिसूचना 29 सितंबर को जारी होगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि छह अक्टूबर, नामांकन पत्रों की जांच सात अक्टूबर और नाम वापसी की अंतिम तिथि नौ अक्टूबर होगी।

मतदान 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक होगा और पूरी चुनाव प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक पूरी कर ली जाएगी।

जिन सदस्यों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है, उनमें भाजपा के अवनीश कुमार सिंह, मानवेन्द्र प्रताप सिंह, दिनेश कुमार गोयल, उमेश द्विवेदी, श्रीचंद शर्मा और हरि सिंह ढिल्लों; सपा के लाल बिहारी यादव, आशुतोष सिन्हा और डॉ. मान सिंह यादव; निर्दलीय आकाश अग्रवाल तथा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से ध्रुव कुमार त्रिपाठी शामिल हैं। उत्तर प्रदेश की 100 सदस्यीय विधान परिषद में भाजपा के 79 सदस्य हैं।

भाजपा की सहयोगी सुभासपा, निषाद, रालोद और अपना दल (सोनेलाल) के एक-एक सदस्य हैं।

सपा के 10 सदस्य हैं, जबकि जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) का एक सदस्य और पांच सदस्य अन्य श्रेणी से हैं।

भाषा आनन्द जितेंद्र

जितेंद्र