लखनऊ अग्निकांड : बिजली कर्मचारी संगठन ने अधिशासी अभियंता के निलंबन का विरोध किया

Ads

लखनऊ अग्निकांड : बिजली कर्मचारी संगठन ने अधिशासी अभियंता के निलंबन का विरोध किया

  •  
  • Publish Date - June 23, 2026 / 06:19 PM IST,
    Updated On - June 23, 2026 / 06:19 PM IST

लखनऊ, 23 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के लखनऊ के अलीगंज इलाके में सोमवार को एक व्यावसायिक इमारत में लगी आग में 15 लोगों की मौत के मामले में जानकीपुरम जोन के अधिशासी अभियंता (कलेक्शन) गौरव कुमार को निलंबित किए जाने का विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति ने विरोध किया।

समिति ने इसे ‘‘अन्यायपूर्ण, तथ्यहीन और जल्दबाजी में की गई कार्रवाई’’ करार दिया।

समिति ने मंगलवार को जारी बयान में घटना पर दुख जताते हुए कहा कि मामले की उच्चस्तरीय, निष्पक्ष और तकनीकी विशेषज्ञों से जांच कराई जानी चाहिए तथा जांच पूरी होने से पहले किसी अधिकारी या कर्मचारी को ‘‘बलि का बकरा’’ नहीं बनाया जाना चाहिए।

संघर्ष समिति के संयोजक शैलेंद्र दुबे ने कहा कि उपलब्ध तथ्यों के आधार पर अधिशासी अभियंता गौरव कुमार की इस अग्निकांड में कोई सीधी जिम्मेदारी नहीं बनती है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के बिजली कर्मचारी रिकॉर्ड स्तर की विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए लगातार काम कर रहे हैं, ऐसे में तकनीकी जांच पूरी हुए बिना किसी अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई करना न केवल अन्यायपूर्ण है, बल्कि इससे बिजली कर्मियों का मनोबल भी प्रभावित होगा।

दुबे ने बताया कि उपलब्ध अभिलेखों के अनुसार, आग की चपेट में आई इमारत का विद्युत भार अप्रैल, मई और जून में 20 किलोवाट से अधिक दर्ज हुआ था।

उन्होंने बताया कि ‘वर्टिकल रिस्ट्रक्चरिंग’ व्यवस्था लागू होने के बाद विद्युत मांग से संबंधित यह जानकारी संबंधित अधिशासी अभियंता को जुलाई में प्राप्त होती, जिसके बाद ही भार वृद्धि या अन्य आवश्यक कार्रवाई शुरू की जा सकती थी।

दुबे ने कहा कि जून में हुई इस घटना के लिए अधिशासी अभियंता को जिम्मेदार ठहराना तथ्यों के अनुरूप नहीं है।

उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में आग शॉर्ट सर्किट या भवन की आंतरिक विद्युत प्रणाली में तकनीकी खामी के कारण लगने की आशंका जताई जा रही है।

दुबे ने कहा कि भवन के अंदर लगी वायरिंग, विद्युत उपकरणों के रखरखाव, अग्नि सुरक्षा व्यवस्था और सुरक्षा मानकों के पालन की जिम्मेदारी मुख्य रूप से इमारत के मालिक की होती है।

उन्होंने कहा कि अगर स्वीकृत भार से अधिक बिजली उपयोग की जा रही थी और इसकी जानकारी समय पर संबंधित अधिकारी तक नहीं पहुंची, तो सूचना तंत्र की खामियों की भी जांच होनी चाहिए।

लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र स्थित तीन मंजिला इमारत में सोमवार दोपहर लगी भीषण आग में 15 लोगों की मौत हो गई थी जबकि नौ अन्य लोग घायल हुए थे। मुख्यमंत्री के निर्देश पर सोमवार देर रात बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता (कलेक्शन) गौरव कुमार, अग्निशमन विभाग की इंदिरा नगर शाखा के अधिकारी कमलेन्द्र कुमार सिंह, लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के सहायक अभियंता अनिल कुमार और कनिष्ठ अभियंता प्रमोद पांडेय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया था।

भाषा सलीम जितेंद्र

जितेंद्र