आगरा में फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ कर पुलिस ने दो महिलाओं समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया

Ads

आगरा में फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ कर पुलिस ने दो महिलाओं समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया

  •  
  • Publish Date - August 9, 2026 / 11:39 PM IST,
    Updated On - August 9, 2026 / 11:39 PM IST

आगरा (उप्र), नौ अगस्त (भाषा) आगरा जिले के ताजगंज इलाके में पुलिस ने रविवार को एक फर्जी काल सेंटर का भंडाफोड़ करते हुए दो महिलाओं समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, ये चारों कॉल सेंटर के जरिए नौकरी का झांसा देकर बेरोजगारों से ठगी करते थे। थाना ताजगंज इलाके में साइबर प्रकोष्ठ की टीम ने यह कार्रवाई की।

पुलिस उपायुक्‍त (डीसीपी) आदित्य ने बताया कि 15 राज्यों से 100 से अधिक शिकायत मिली थीं कि नौकरी दिलाने के नाम पर उनके साथ ठगी की गई है। इन्हीं शिकायतों के आधार पर जांच पड़ताल की गई तो फर्जी कॉल सेंटर का खुलासा हुआ। आरोपियों ने एक फर्जी कंपनी बनाई थी और नौकरियों का विज्ञापन भी जारी करते थे।

उन्‍होंने बताया कि कॉल सेंटर से लड़कियां किसी कंपनी में गार्ड, सुपरवाइजर या अन्य पदों की नौकरी लगवाने का झांसा देती थीं। नौकरी पाने के लालच में कुछ लोग फंस जाते थे। पंजीकरण के नाम पर उनसे करीब दो हजार रुपये जमा कराए जाते थे। पंजीकरण के बाद वर्दी और अन्य चीजों के लिए आठ हजार रुपये जमा कराए जाते थे। आखिर में नियुक्ति प्रमाण पत्र लेने के एवज में 10 हजार रुपये फिर से लिए जाते थे।

डीसीपी ने बताया कि अभी तक पूछताछ में पता चला है कि ढाई हजार से अधिक लोग इस ठगी का शिकार हो चुके हैं। आरोपियों के पास से 10 मोबाइल फोन, 32 पासबुक, 28 एटीएम कार्ड, 12 क्यूआर कोड के अलावा नियुक्ति पत्र सहित अलग-अलग तरह के दस्‍तावेज मिले हैं।

मामले में गिरफ्तार एक आरोपी तरुण बिहार का रहने वाला है और दूसरा आरोपी अजय जौनपुर का रहने वाला है। अभी इस गिरोह से जुड़े कई लोगों की तलाश की जा रही है।

भाषा सं आनन्‍द गोला

गोला