अमरावती (आंध्र प्रदेश), नौ अगस्त (भाषा) राजमहेंद्रवरम में एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई मेडिकल छात्रा की रविवार को मौत हो गई। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने छात्रा की मृत्यु पर दुख व्यक्त किया और उसके परिवार के लिए 20 लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की।
यह हादसा बृहस्पतिवार को राजमहेंद्रवरम के एक शॉपिंग मॉल के बाहर हुआ था। एक तेज रफ्तार कार ने मोटरसाइकिल सवार दो स्नातकोत्तर मेडिकल छात्रों- प्रियंका और उमेश को टक्कर मार दी और चालक कार लेकर फरार हो गया।
इस बीच, प्रियंका को छह अगस्त को जिस निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, उसकी ओर से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया कि शुरुआती इलाज के लिए उसे राजमहेंद्रवरम के एक अस्पताल ले जाया गया था। इसके बाद बेहतर इलाज और जांच के लिए उसे हैदराबाद स्थित उनके अस्पताल में स्थानांतरित किया गया।
अस्पताल के अनुसार, प्रियंका ने इलाज के दौरान आज अपराह्न 3:32 बजे दम तोड़ दिया।
इस हादसे में सिर में गंभीर चोट लगने के कारण प्रियंका की मौत हो गई, जबकि उमेश को मामूली चोटें आई हैं।
मुख्यमंत्री नायडू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘प्रियंका की मौत बेहद दुखद है। यह अत्यंत दर्दनाक है कि शराब के नशे में गाड़ी चला रहे युवाओं की लापरवाही के कारण एक होनहार मेडिकल छात्रा को अपनी जान गंवानी पड़ी।’
नायडू ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए।
मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की और भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता प्रदान करेगी।
भाषा सुमित अमित
अमित