Asim Waqar Resignation News: राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए ओवैसी के दिग्गज नेता आसिम वकार ने थामा कांग्रेस का दामन, चुनाव से पहले एआईएमआईएम को बड़ा झटका / Image: X
नयी दिल्ली: Asim Waqar Resignation News ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के वरिष्ठ नेता रहे सैयद आसिम वकार बुधवार को कांग्रेस में शामिल हो गए। उन्होंने कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और पार्टी के अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष इमरान प्रतापगढ़ी की मौजूदगी में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। वकार लंबे समय से एआईएमआईएम में सक्रिय थे और पार्टी की मुखर आवाज माने जाते थे। वह पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता की जिम्मेदारी भी संभाल रहे थे। एआईएमआईएम में शामिल होने से पहले वह समाजवादी पार्टी में थे। वकार उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले कांग्रेस में शामिल हुए हैं। राज्य में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव संभावित हैं।
Asim Waqar Resignation News कांग्रेस में शामिल होने के बाद वकार ने कहा कि देश से मोहब्बत करने वाले लोग भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार को सत्ता से हटाना चाहते हैं, ताकि देश में एक धर्मनिरपेक्ष और जनहित की सरकार बनाई जा सके। उन्होंने कहा, ‘‘एआईएमआईएम में रहने के बाद मुझे लगा कि हम बात तो भाजपा और उसकी विचारधारा से लड़ने की करते हैं, लेकिन जमीन पर उनसे लड़ रहे हैं जो भाजपा के खिलाफ हैं।’’ वकार का कहना था, ‘‘इसलिए मैंने फैसला लिया कि अगर हम सच्चे देशभक्त हैं और ईमानदारी से भाजपा को सत्ता से हटाना चाहते हैं तो कांग्रेस के साथ आना होगा, जो मजबूती के साथ भाजपा से लड़ रही है।’’ यह पूछे जाने पर कि क्या असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी भाजपा की ‘बी टीम’ है, वकार ने कहा कि यह बात उन्हें देर से समझ आई और उनकी आंखें खुल गईं। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में और लोगों की भी आंखें खुलेंगी।
देश से मोहब्बत करने वाले लोग BJP की देशविरोधी सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकना चाहते हैं, ताकि देश में एक सेक्युलर और जनहित की सरकार बनाई जा सके।
AIMIM में रहने के बाद मुझे लगा कि हम बात तो BJP और उसकी विचारधारा से लड़ने की करते हैं, लेकिन जमीन पर उनसे लड़ रहे हैं जो BJP के खिलाफ… pic.twitter.com/DhLbCYVxcH
— UP Congress (@INCUttarPradesh) September 2, 2026
उन्होंने यह भी कहा कि वह राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाने में अपना योगदान देना चाहते हैं। कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने वकार का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि राहुल गांधी मजबूती के साथ हर वर्ग की आवाज उठा रहे हैं और इसी से प्रभावित होकर विभिन्न दलों के वरिष्ठ नेता कांग्रेस से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘देश पहले है, देश से बढ़कर कुछ नहीं है। देश बचेगा, तभी छात्र, शिक्षा, रोजगार और आम जनता से जुड़े मुद्दों पर काम होगा।’’ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने भी वकार के पार्टी में शामिल होने का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि वकार जैसे मजबूत व्यक्ति का कांग्रेस में शामिल होना पार्टी के लिए महत्वपूर्ण है। वकार के कांग्रेस में शामिल होने को उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले अल्पसंख्यक मतदाताओं के बीच अपनी स्थिति मजबूत करने की कांग्रेस की कोशिश के तौर पर भी देखा जा रहा है।