वाराणसी/लखनऊ, सात अप्रैल (भाषा) वाराणसी में गंगा नदी में नाव पर सवार होकर कथित रूप से बियर पीने वाले दो लोगों में एक को मंगलवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
उसके अनुसार इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हुआ है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किये गए आरोपी का नाम अर्जुन राजभर है, जो नाव के सजावट का काम करता है।
सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) गौरव कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में दो लोग नदी में नाव पर सवार होकर मादक पदार्थों का सेवन करते हुए दिख रहे हैं।
उन्होंने कहा, “उनमें से एक की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। भेलूपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है और नियमों के अनुसार मामला दर्ज किया गया है।”
उन्होंने बताया कि आगे की कार्रवाई जारी है।
इस बीच, घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सत्ताधारी पार्टी भाजपा पर निशाना साधा।
उन्होंने लखनऊ में पत्रकारों से कहा,“क्या यह कोई नई बात है? लोग हर जगह बीयर पी रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी की सरकार के सत्ता में आने के बाद से लोग तनाव और कठिनाइयों के कारण अधिक शराब पी रहे हैं।”
भाषा सं आनन्द राजकुमार
राजकुमार