बलिया में पांच साल की नाबालिग बच्ची को अगवा कर उसके साथ बलात्कार करने का आरोपी गिरफ्तार
बलिया में पांच साल की नाबालिग बच्ची को अगवा कर उसके साथ बलात्कार करने का आरोपी गिरफ्तार
बलिया (उप्र), 13 जून (भाषा) बलिया जिले के बांसडीह रोड थानाक्षेत्र में पुलिस ने अपने दादा के साथ घर जा रही पांच साल की एक बच्ची का कथित रूप से अपहरण कर उसके साथ बलात्कार करने को लेकर 29 वर्षीय एक युवक को शनिवार को गिरफ्तार किया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार पांच साल की यह बच्ची किसी अन्य रिश्तेदार के घर से अपने दादा के साथ मोटरसाइकिल से 11 जून रात रात्रि अपने गांव लौट रही थी, तभी बांसडीह रोड थाना क्षेत्र में बांसडीह रोड तिराहे के आगे कोल्ड स्टोर के पास उसके बाबा शौच के लिए गये।
पुलिस के अनुसार उसी बीच, एक अज्ञात युवक मोटरसाइकिल से आया और लड़की को गाड़ी पर बैठाकर चला गया।
पुलिस के अनुसार बच्ची के पिता की तहरीर पर शुक्रवार को भारतीय न्याय संहिता की अपहरण के आरोप से सम्बन्धित धारा 137(2) एवं 87 में अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया।
थाना प्रभारी वंश बहादुर सिंह ने बताया कि पुलिस ने शुक्रवार को बच्ची को मुक्त कराया तथा उसकी मेडिकल जांच करायी।
सिंह के अनुसार मेडिकल जांच में बच्ची के साथ बलात्कार करने का तथ्य सामने आया। उन्होंने बताया कि बालिका के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की बलात्कार के आरोप से सम्बन्धित धारा 65(2) एवं बाल लैंगिक अपराध संरक्षण संरक्षण (पॉक्सो अधिनियम) की सुसंगत धारा भी लगायी गयी।
थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने शनिवार को आरोपी रेवती थाना क्षेत्र के गायघाट निवासी चंदन कुमार शाह (29) को गिरफ्तार कर विधिक प्रक्रिया पूरी कर जेल भेज दिया है।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को बरामद किया है । उन्होंने बताया कि आरोपी विवाहित है और दो बच्चों का पिता है।
भाषा सं आनन्द
राजकुमार
राजकुमार

Facebook


