मेरठ में जमीन विवाद की सुनवाई के दौरान व्यक्ति की तबीयत बिगड़ी, उपचार के दौरान मौत

मेरठ में जमीन विवाद की सुनवाई के दौरान व्यक्ति की तबीयत बिगड़ी, उपचार के दौरान मौत

मेरठ में जमीन विवाद की सुनवाई के दौरान व्यक्ति की तबीयत बिगड़ी, उपचार के दौरान मौत
Modified Date: May 29, 2026 / 08:13 pm IST
Published Date: May 29, 2026 8:13 pm IST

मेरठ, 29 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में जमीन विवाद से संबंधित जनसुनवाई के दौरान शुक्रवार को एक व्यक्ति की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, यह घटना किठौर थाना परिसर में हुई।

क्षेत्राधिकारी (मवाना) पंकज लवानिया ने बताया कि शाहजहांपुर गांव के दो पक्षों के बीच जमीन विवाद को लेकर 25 मई को शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसी मामले की सुनवाई के लिए दोनों पक्षों को शुक्रवार को थाने बुलाया गया था।

उन्होंने बताया कि शाहजहांपुर गांव निवासी बाबू के पुत्र महबूब (55) थाना गेट के बाहर एक पेड़ के नीचे लगे वाटर कूलर के पास बेंच पर बैठे थे, तभी उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।

अधिकारियों के अनुसार, मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और अन्य लोगों ने उन्हें तुरंत पानी पिलाया तथा सीपीआर देकर प्राथमिक सहायता प्रदान की।

लवानिया ने बताया कि किठौर थाना प्रभारी उन्हें सरकारी वाहन से तत्काल एक निजी अस्पताल ले गए, जहां से चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

उपचार के दौरान महबूब की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि थाना प्रभारी और मेडिकल टीम ने उन्हें हरसंभव चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई।

पुलिस ने कहा कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

भाषा

सं, जफर रवि कांत


लेखक के बारे में