मथुरा (उप्र), 27 अप्रैल (भाषा) मथुरा जिले के फरह क्षेत्र में बंदरों के हमले में घायल 48 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि पिंगारी गांव का अमर सिंह (48) उर्फ भोलू गत शुक्रवार को अपने घर की छत पर बारिश में भीगे गेहूं सुखा रहा था, तभी बंदरों ने उस पर हमला कर दिया।
उन्होंने बताया कि बंदरों से बचने की कोशिश में सिंह छत से नीचे गिर गया और बेहोश हो गया जिसके बाद परिवार के लोग उसे तुरंत आगरा के एक अस्पताल ले गए।
मृतक के भतीजे केदार सिंह ने बताया कि अमर सिंह के सिर और पसलियों में चोटें आई थीं।
केदार ने कहा, ‘आगरा के तीन अलग-अलग निजी अस्पतालों में इलाज के बाद भी जब उनकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ, तो उन्हें आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। शनिवार और रविवार की दरमियानी रात उन्होंने अंतिम सांस ली।’
उन्होंने बताया कि अमर सिंह की बेटी की शादी 10 मई को होनी थी।
फरह थानाध्यक्ष छोटे लाल ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
सामाजिक कार्यकर्ता प्रोफेसर लक्ष्मी गौतम ने कहा कि शहर में हिंसक बंदरों की बढ़ती संख्या से लोग परेशान है, जो दिन-ब-दिन और भी हिंसक होते जा रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। ऐसी कई घटनाएं हुई हैं जिनमें बंदरों के काटने से कई लोगों की मौत हो चुकी है।’
भाषा सं सलीम शोभना
शोभना