हाथरस में गोली मारकर एक व्यक्ति की हत्या, एक आरोपी गिरफ्तार
हाथरस में गोली मारकर एक व्यक्ति की हत्या, एक आरोपी गिरफ्तार
हाथरस (उप्र) 14 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के कस्बा मुरसान में गोली मारकर एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक शनिवार रात हुई इस घटना में तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच के लिए पुलिस अधीक्षक ने चार टीम गठित की हैं।
पुलिस के अनुसार मूल रूप से अलीगढ़ जिले के असरोही गांव का निवासी सुनील चौधरी (42) अपने परिवार के साथ मुरसान क्षेत्र के दयालपुर में रहता था और वहीं पर उसकी हार्डवेयर और सैनिटरी की दुकान है।
पुलिस के अनुसार परिजन ने आरोप लगाया कि शनिवार की रात करीब नौ बजे दयालपुर का निवासी सुखबीर उर्फ फौजी, खेड़ियाया का रहने वाला अजय और एक अन्य व्यक्ति सुनील को घर से बुलाकर अपने साथ ले गए।
पुलिस ने बताया कि रात करीब 11 बजे परिजन को सूचना मिली कि सुनील को गोली मारी गई है और वह रुहेरी पुल के नीचे घायल अवस्था में पड़ा है।
पुलिस के मुताबिक सुनील ने बताया कि सुखबीर फौजी, अजय और चंदन नामक व्यक्ति उसे साथ ले गए थे और तीनों ने पहले मारपीट की, फिर सुखबीर ने चंदन से तमंचा लेकर उसे गोली मार दी।
पुलिस ने बताया कि परिजन सुनील को पहले हाथरस के निजी अस्पताल ले गए, जहां से अलीगढ़ भेज दिया गया और अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
सादाबाद के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) जे.एन. अस्थाना ने बताया कि सुनील के भाई विकास की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
सीओ ने बताया कि एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीम गठित गई हैं।
मामले की जांच जारी है।
भाषा सं आनन्द जोहेब
जोहेब

Facebook


