गाजियाबाद में एक व्यक्ति ने पत्नी और बेटी की चाकू मारकर हत्या की
गाजियाबाद में एक व्यक्ति ने पत्नी और बेटी की चाकू मारकर हत्या की
गाजियाबाद (उप्र), 23 अगस्त (भाषा) गाजियाबाद जिले के खोड़ा थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और बेटी की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी और छोटी बेटी पर भी हमला किया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
इंदिरापुरम के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) सूर्यबली मौर्य ने बताया कि आरोपी मोहम्मद राजा अंसारी (48) मूल रूप से बिहार के अररिया का रहने वाला है और गाजियाबाद के लोकप्रिय विहार की गली नंबर तीन में एक मकान की चौथी मंजिल पर परिवार के साथ रहता है।
उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान उसकी पत्नी बेबी तबस्सुम (38) और बड़ी बेटी सना तबस्सुम (15) के रूप में हुई है।
मौर्य ने कहा कि छोटी बेटी रूबी तबस्सुम उर्फ जोया (14) हमले में घायल हो गई और उसने किसी तरह भागकर शोर मचाया, जिसके बाद पड़ोसियों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।
एसीपी ने बताया कि 21-22 अगस्त की रात करीब 12:15 बजे पुलिस को हत्या की सूचना मिली थी।
उन्होंने कहा कि घायल लड़की को एमजी अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर है।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है और मामले में शस्त्र अधिनियम की धारा जोड़ी गई है।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह 2002 से गाजीपुर, दिल्ली की मछली मंडी में मुंशी का काम करता है और 34 हजार रुपये महीना कमाता है।
पुलिस के अनुसार उसने कहा कि रोजमर्रा की बातों पर पत्नी से विवाद के कारण परेशान होकर उसने पत्नी और दोनों बेटियों की हत्या कर जेल जाने की योजना बनाई थी।
पुलिस के मुताबिक घटना वाली रात पत्नी के सोते समय उसने गद्दे के नीचे छिपी छुरी से उसकी गर्दन पर वार किया।
पुलिस ने बताया कि शोर सुनकर आईं दोनों बेटियों के सामने उसने पत्नी पर दोबारा हमला कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने कहा कि इसके बाद बालकनी में छिपी बड़ी बेटी सना को पकड़कर उसकी भी हत्या कर दी जबकि छोटी बेटी पर हमले के दौरान भाग गई।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज करके विस्तृत कार्रवाई की जा रही है। भाषा आनन्द मनीष जोहेब
जोहेब

Facebook


