मेरठ में झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले बाहरी लोगों का सत्यापन, पुलिस ने चलाया विशेष अभियान

मेरठ में झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले बाहरी लोगों का सत्यापन, पुलिस ने चलाया विशेष अभियान

मेरठ में झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले बाहरी लोगों का सत्यापन, पुलिस ने चलाया विशेष अभियान
Modified Date: June 14, 2026 / 10:31 am IST
Published Date: June 14, 2026 10:31 am IST

मेरठ (उप्र), 14 जून (भाषा) मेरठ के सदर बाजार इलाके में एक विशेष सत्यापन अभियान चलाया, ताकि झुग्गी-बस्तियों में अस्थायी रूप से रह रहे दूसरे ज़िलों और राज्यों के लोगों की पहचान की पुष्टि की जा सके। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) और कैंट क्षेत्राधिकारी (सीओ) के पर्यवेक्षण में 12 और 13 जून को थाना सदर बाजार पुलिस तथा रिजर्व पुलिस बल ने संयुक्त रूप से सत्यापन अभियान चलाया।

पुलिस ने बताया कि लगातार ऐसी सूचनाएं मिल रही थीं कि कुछ घुमंतू समुदायों और अन्य जनपदों से आए लोग सदर बाजार क्षेत्र तथा आसपास के खाली स्थानों पर झुग्गी-झोपड़ियां बनाकर रह रहे हैं। इसके मद्देनजर विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर पुलिस टीम ने वहां रहने वाले लोगों से पूछताछ की और उनके नाम, पते, मूल निवास स्थान, मोबाइल नंबर तथा पहचान संबंधी दस्तावेजों का सत्यापन किया।

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने लोगों की पहचान की पुष्टि की और उनकी किसी संभावित आपराधिक पृष्ठभूमि की भी जांच की।

पुलिस ने अभियान के दौरान लोगों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने तथा बिना सत्यापन के किसी बाहरी व्यक्ति को अपने साथ न रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

पुलिस के अनुसार सत्यापित व्यक्तियों का विवरण थाना अभिलेखों में दर्ज कर लिया गया है ताकि आवश्यकता पड़ने पर उनकी पहचान और सत्यापन सुनिश्चित किया जा सके।

भाषा सं आनन्द गोला

गोला


लेखक के बारे में