बलिया में ई-रिक्शा चोरी के संदेह में नाबालिग की हत्या
बलिया में ई-रिक्शा चोरी के संदेह में नाबालिग की हत्या
बलिया (उप्र) 10 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के एक गांव में कथित रूप से ई-रिक्शा चोरी करने के संदेह में एक नाबालिग की ईंट से प्रहार करके हत्या कर दी गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक इस मामले में पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार हल्दी थाना क्षेत्र के बबुआपुर गांव के एक बगीचे में मंगलवार सुबह रितेश यादव (14) का लहुलुहान शव मिला।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) मोहम्मद फहीम कुरैशी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंचीं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उन्होंने बताया कि इस मामले में मृतक के पिता नंद जी यादव की तहरीर पर पड़ोसी मनोज यादव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने कहा कि तहरीर में बताया गया है कि रितेश सोमवार को गांव के एक व्यक्ति के यहां बारात में गया था और घर नहीं लौटा, जिसके बाद मंगलवार को उसका शव मिला।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि मनोज यादव ने पुरानी रंजिश के कारण हत्या की है।
सीओ के अनुसार ईंट से सिर पर प्रहार करके रितेश की हत्या की गई है। पुलिस को घटनास्थल से एक ईंट मिली है।
उन्होंने बताया कि रितेश चोरी समेत विभिन्न आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त था।
उन्होंने कहा कि मनोज यादव का पिछले दिनों ई रिक्शा चोरी हो गया था, जो बाद में मिल गया था।
सीओ ने कहा कि मनोज को शक था कि यह चोरी रितेश ने की थी, जिसको लेकर दोनों में विवाद हुआ था।
उन्होंने बताया कि पुलिस आरोपी को गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है।
भाषा सं आनन्द जोहेब
जोहेब

Facebook


