लखनऊ, 21 अगस्त (भाषा) कांग्रेस ने शुक्रवार को केंद्र सरकार पर जाति जनगणना फॉर्म में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) का अलग कॉलम शामिल नहीं करने का आरोप लगाया और इसे समुदाय के साथ बड़ा धोखा बताया।
लखनऊ में उत्तर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में ओबीसी विभाग की बैठक हुई, जिसमें उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, पूर्व मंत्री एवं ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनिल जयहिंद और पिछड़ा वर्ग विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव शामिल हुए।
गौतम ने कहा कि कांग्रेस अपने संगठनात्मक ढांचे से लेकर चुनावी रणनीति तक सामाजिक न्याय को केंद्र में रखकर काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि पार्टी नेता राहुल गांधी वर्षों से सभी वर्गों को उनकी आबादी के अनुपात में प्रतिनिधित्व देने की मांग करते रहे हैं।
जयहिंद ने ओबीसी के लिए अलग कॉलम शामिल नहीं करने और केंद्र तथा राज्य सरकारों की सूचियों के अनुसार ओबीसी जातियों को सूचीबद्ध नहीं करने को लेकर भाजपा की आलोचना की।
उन्होंने कहा कि ओबीसी समुदाय दशकों से जाति जनगणना की मांग कर रहा था और राहुल गांधी द्वारा मुद्दा उठाए जाने के बाद ही भाजपा इसे कराने पर सहमत हुई।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ओबीसी जातियों को कई उप-श्रेणियों में बांटकर उनकी आबादी कम बताने की साजिश कर रही है।
मनोज यादव ने पार्टी के विभिन्न राज्यव्यापी कार्यक्रमों की जानकारी दी, जिनके तहत सम्मेलन, पदयात्रा, प्रदर्शन, सेमिनार आयोजित किए जाएंगे और ज्ञापन सौंपे जाएंगे।
अभियान की शुरुआत 22 अगस्त को कानपुर और 23 अगस्त को जालौन में सम्मेलनों से होगी। अभियान का केंद्र ‘जाति जनगणना’ और ‘प्रतिनिधित्व के माध्यम से न्याय’ होगा।
भाषा जफर जोहेब
जोहेब
जोहेब
जोहेब