अमेठी की बिजली व्यवस्था पर सांसद किशोरी लाल शर्मा ने मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग की

Ads

अमेठी की बिजली व्यवस्था पर सांसद किशोरी लाल शर्मा ने मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग की

  •  
  • Publish Date - May 23, 2026 / 07:58 PM IST,
    Updated On - May 23, 2026 / 07:58 PM IST

अमेठी, 23 मई (भाषा) कांग्रेस सांसद किशोरी लाल शर्मा ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर अमेठी संसदीय क्षेत्र की चरमराई विद्युत व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की है।

सांसद शर्मा ने बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री को यह पत्र लिखा, जिसे शनिवार को पत्रकारों के साथ साझा किया गया।

अमेठी के लोगों का आरोप है कि भीषण गर्मी और लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती से क्षेत्र की जनता परेशान है। यह मुद्दा अब राजनीतिक स्तर पर भी तूल पकड़ने लगा है।

मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में शर्मा ने कहा कि भीषण गर्मी के बीच पिछले कई दिनों से अमेठी क्षेत्र में लगातार अघोषित बिजली कटौती की जा रही है, जिससे किसानों, छात्रों, व्यापारियों और आम नागरिकों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

उन्होंने कहा कि रात में बार-बार बिजली जाने से लोगों की दिनचर्या बाधित हो रही है, जबकि सिंचाई प्रभावित होने से किसानों की चिंता बढ़ गई है।

अमेठी के सांसद ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि उमस भरी गर्मी में छोटे बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

शर्मा ने मांग की कि अमेठी में विद्युत आपूर्ति तत्काल सुचारु कराई जाए और अनावश्यक बिजली कटौती पर रोक लगाई जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके।

भाषा

सं, आनन्द रवि कांत