अमेठी/ नयी दिल्ली, 17 जून (भाषा) सीबीआई की एक टीम ने अमेठी के गौरीगंज में बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों द्वारा चार करोड़ रुपये के कथित गबन का मामला दर्ज करने के बाद बुधवार को उत्तर प्रदेश में 14 स्थानों पर छापेमारी की।
जांच एजेंसी के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा कि छापेमारी की यह कार्रवाई लखनऊ, अयोध्या, कुशीनगर, प्रतापगढ़ और अमेठी में 14 स्थानों पर की गई।
इस कार्रवाई के करीब 10 दिन पूर्व केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने इलाहाबाद उच्च न्यायालय के निर्देश पर आठ जून को एक मामला दर्ज किया था।
आरोप है कि कनिष्ठ लेखाकार लिपिकों ने सह आरोपियों और अज्ञात लोगों के साथ मिलीभगत कर करीब चार करोड़ रुपये सरकारी कोषागार से विभिन्न बैंक खातों में अवैध रूप से स्थानांतरित किए थे।
सीबीआई ने गौरीगंज में बेसिक शिक्षा विभाग के कनिष्ठ लेखाकार लिपिक, प्रखंड गुणवत्ता संयोजक, प्रखंड एमआईएस संयोजक, बेचूगढ़ प्राइमरी स्कूल के प्रधानाध्यापक और पुरे शिवदास गुडुर के प्राइमरी स्कूल के सहायक अध्यापक समेत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
पूर्व में 21 मार्च, 2025 को गौरीगंज बेसिक शिक्षा विभाग के वित्त एवं लेखाधिकारी की शिकायत पर यह मामला अमेठी के गौरीगंज थाना में दर्ज किया गया था।
सीबीआई ने कहा कि बुधवार को छापेमारी के दौरान, गबन की गई रकम के कथित निवेश से जुड़े दस्तावेज और अन्य वस्तुएं व डिजिटल उपकरण जब्त किए गए।
भाषा सं राजेंद्र सुरभि
सुरभि