बहराइच में व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर की गयी छापेमारी, नौ बाल श्रमिक मुक्त कराए गए
बहराइच में व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर की गयी छापेमारी, नौ बाल श्रमिक मुक्त कराए गए
बहराइच (उप्र), 23 जुलाई (भाषा) बहराइच जिले के नानपारा तहसील प्रशासन ने बृहस्पतिवार को विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर छापेमारी करके नौ बाल श्रमिकों को मुक्त कराया और सात प्रतिष्ठान संचालकों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की।
नानपारा की उप जिलाधिकारी मोनालिसा जौहरी ने बताया कि राजस्व विभाग, श्रम विभाग, पुलिस, जिला बाल संरक्षण इकाई तथा स्वैच्छिक संगठन ‘रोज़ संस्थान’ की संयुक्त टीम ने शिवपुर मार्ग, बाईपास चौराहा और नगर के प्रमुख बाजारों में स्थित ऑटो सर्विस सेंटर, वेल्डिंग की दुकानों, और वस्त्रालयों समेत विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की।
उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर नाबालिग बच्चों से काम कराए जाने की पुष्टि होने पर उन्हें तत्काल मुक्त कराया गया और संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों को नोटिस जारी करते हुए कानूनी कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई।
जौहरी ने बताया कि अभियान के दौरान व्यापारियों और आम लोगों को बाल श्रम कानून की जानकारी देते हुए उन्हें बताया गया कि 14 वर्ष से कम आयु के बच्चों से किसी भी प्रकार का कार्य कराना पूरी तरह प्रतिबंधित है, जबकि 14 से 18 वर्ष आयु के किशोरों से खतरनाक कार्य कराना भी कानूनन अपराध है।
भाषा सं. सलीम संतोष
संतोष

Facebook


