बांदा/कानपुर (उप्र), 18 मई (भाषा) फतेहपुर जिले में कल्याणपुर थाना क्षेत्र के पिलखनी गांव में खाना बनाते समय रसोई गैस सिलेंडर से लगी आग में एक ही परिवार के नौ लोग झुलसे गए। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि घायलों में एक सात माह का बच्चा भी शामिल है।
फतेहपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिमन्यु मांगलिक ने सोमवार को बताया कि कल्याणपुर थाना क्षेत्र के पिलखनी गांव में रविवार रात करीब नौ बजे संतोष लोधी की पत्नी कलावती (40) खाना बना रही थी, तभी अचानक रसोई गैस के पाइप से गैस रिसाव होने की वजह से आग लग गई।
उन्होंने बताया कि कलावती (35) को बचाने की कोशिश में परिवार के अन्य सदस्य साजन (17), सुलेखा (10), रिश्तेदार संजय (26), सुनीता (25), सात माह का बच्चा, रीता (35), सोनी (10) और पड़ोसी करन (26) झुलस गए।
एसपी ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारियों के अलावा जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने भी मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि झुलसे लोगों को इलाज के लिए कानपुर भेजा गया है।
उन्होंने बताया कि सभी को पहले गोपालगंज के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और फिर मालवा स्थित अमर शहीद जोधा सिंह अतैया ठाकुर दरियाव सिंह मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। गंभीर हालत को देखते हुए आठ लोगों को कानपुर के उच्च चिकित्सा केंद्र भेजा गया। पुलिस ने मरीजों को जल्दी ले जाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया।
मांगलिक ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला कि विस्फोट सिलेंडर फटने से नहीं, बल्कि घर के अंदर गैस लीक होने के बाद आग लगने से हुआ।
भाषा सं आनन्द
मनीषा
मनीषा