मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर उत्तर प्रदेश के मंत्रियों-नेताओं ने गिनाईं उपलब्धियां,
मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर उत्तर प्रदेश के मंत्रियों-नेताओं ने गिनाईं उपलब्धियां,
लखनऊ, 14 जून (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा-नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों ने रविवार को जिलों का दौरा करके विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।
नेताओं ने केंद्र की योजनाओं और विकास कार्यों को गिनाते हुए विपक्षी दलों पर निशाना साधा और दावा किया कि कांग्रेस-सपा की सरकारों ने प्रदेश का विनाश किया, जबकि मोदी सरकार में योजनाओं का लाभ सबसे अधिक जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंच रहा है।
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बाराबंकी के हरख ब्लॉक में भाजपा शिविर का उद्घाटन किया और पौधारोपण किया।
उन्होंने कहा, ‘काठ की हांडी बार-बार नहीं चढ़ती। कांग्रेस और सपा ने वर्षों जनता को गुमराह किया, अब उनकी हांडी जलकर खाक हो चुकी है।’
उन्होंने कहा, ‘जब-जब सपा सरकार रही, गुंडे-माफिया फले-फूले।’
पाठक ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने कानून-व्यवस्था को मजबूत किया है। आज गुंडे, माफिया और बदमाश या तो खत्म हो चुके हैं या फिर प्रदेश छोड़कर पलायन कर चुके हैं।”
उपमुख्यमंत्री ने अयोध्या में श्रीराममंदिर में चढ़ावे से जुड़े गबन मामले पर कहा कि एसआईटी जांच में दोषी पाए गए लोगों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
बागपत के प्रभारी और उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री जसवंत सैनी ने कलेक्ट्रेट सभागार में कहा कि 12 साल में देश ने विकास, सुशासन और वैश्विक प्रतिष्ठा में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं।
उन्होंने कहा, ‘प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश की तस्वीर और तकदीर दोनों बदली हैं। 2014, 2019 और 2024 में जनता ने विकास की राजनीति पर मुहर लगाई।’
उन्होंने कहा कि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) की मदद से सरकारी सहायता सीधे खातों में पहुंच रही है, जिससे भ्रष्टाचार रुका और करोड़ों लोग गरीबी रेखा से बाहर आए।
उन्होंने कहा कि जनधन, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन और पीएम किसान सम्मान निधि से गरीबों-महिलाओं को लाभ मिला।
उन्होंने कहा कि सड़क, रेल, मेट्रो, वंदे भारत ट्रेनों व भारतनेट से आधारभूत ढांचा मजबूत हुआ और भारत ने जी-20 की सफल अध्यक्षता तथा वैक्सीन मैत्री से वैश्विक पहचान बनाई।
मेरठ के विकास खंड रजपुरा में आयोजित कार्यक्रम में जिले के प्रभारी और समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने कहा, ‘मेरठ की विकास यात्रा निरंतर आगे बढ़ रही है, इसे अब कोई नहीं रोक सकता।’
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में यूपीआई जैसी तकनीक वैश्विक पहचान बना रही है और भारत विकसित राष्ट्र बनने की ओर बढ़ रहा है।
मेरठ के सांसद अरुण गोविल ने कहा कि रैपिड रेल, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे और गंगा एक्सप्रेसवे ने विकास को गति दी है।
राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सोमेंद्र तोमर ने कहा कि मेरठ निवेश और विकास का प्रमुख केंद्र बन रहा है। कार्यक्रम में ‘एक पौधा मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया गया और लाभार्थियों को सम्मानित किया गया।
मथुरा से भारतीय जनता पार्टी की सांसद और मशहूर अभिनेत्री हेमा मालिनी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘पीएम मोदी के 12 साल के कार्यकाल ने हर जिंदगी को छुआ है और भारत को कई तरह से बदला है। ‘सबका साथ, सबका विश्वास’ के वादे के साथ बनी सरकार ने सभी वादे पूरे किए।’
भाषा सं आनन्द
जोहेब
जोहेब

Facebook


