विपक्षी दल समाज को जातिवाद के नाम पर तोड़ेंगे, भाजपा राष्ट्रवाद के सूत्र में जोड़ेगी : रोहित मिश्रा

विपक्षी दल समाज को जातिवाद के नाम पर तोड़ेंगे, भाजपा राष्ट्रवाद के सूत्र में जोड़ेगी : रोहित मिश्रा

विपक्षी दल समाज को जातिवाद के नाम पर तोड़ेंगे, भाजपा राष्ट्रवाद के सूत्र में जोड़ेगी : रोहित मिश्रा
Modified Date: July 12, 2026 / 08:00 pm IST
Published Date: July 12, 2026 8:00 pm IST

लखनऊ, 12 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की युवा इकाई भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा ने रविवार को विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस और सपा समाज को जातिवाद के नाम पर तोड़ने का काम करेंगी, जबकि भाजपा लोगों को राष्ट्रवाद के सूत्र में जोड़ेगी।

रोहित ने रविवार को प्रदेश कार्यालय में विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। इससे पहले वह 1090 चौराहे से हजारों भाजयुमो कार्यकर्ताओं और युवाओं के साथ भव्य जुलूस निकालते हुए प्रदेश भाजपा मुख्यालय पहुंचे।

रोहित ने अपने संबोधन में समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि वे जाति का गणित लेकर आएंगे, लेकिन हम विकास का हिसाब लेकर जनता के बीच जाएंगे।

उन्होंने कहा, “विपक्षी दल जातिवाद के नाम पर समाज को बांटने का काम करेंगे, जबकि भाजपा लोगों को राष्ट्रवाद के सूत्र में जोड़ने का कार्य करेगी।”

भाजयुमो की ओर से जारी बयान के मुताबिक, मार्ग में विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं और सामाजिक संगठनों ने पुष्पवर्षा कर रोहित का भव्य स्वागत और अभिनंदन किया।

रोहित ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में प्रदेश भर से आए युवा कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में युवा मोर्चा का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ मैदान में उतरेगा तथा भाजपा की प्रचंड जीत सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

रोहित ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘विकसित भारत’ संकल्प को साकार करने के लिए युवाओं को आगे आकर जन-जन तक सरकार की उपलब्धियां पहुंचानी होंगी।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश अपराध, भ्रष्टाचार और जातिवादी भर्ती व्यवस्था के लिए जाना जाता था, लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आज कानून का राज स्थापित हुआ है।

कार्यक्रम को भाजयुमो के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रांशुदत्त द्विवेदी और सुभाष यदुवंश समेत कई प्रमुख नेताओं ने भी संबोधित किया।

भाषा

आनन्द पारुल

पारुल


लेखक के बारे में