पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ जगहों पर बारिश, गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान
पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ जगहों पर बारिश, गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान
लखनऊ, 12 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्से में अगले 24 घंटे में कुछ जगहों पर बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है, जबकि उत्तर-पूर्वी इलाके में कई स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। मौसम विभाग ने रविवार को यह जानकारी दी।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, लखनऊ में सोमवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। हालांकि, दिन में मौसम काफी हद तक साफ हो जाएगा। उसने कहा कि शहर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 36 डिग्री सेल्सियस और 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।
राज्य में बारिश वाले इलाकों, खासकर पूर्वी जिलों में तापमान में कमी देखी गई है। गोरखपुर में रविवार को 12.6 मिलीमीटर बारिश और 34.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया, जबकि लखीमपुर-खीरी में अधिकतम तापमान 32 डिग्री रहा।
आईएमडी के अनुसार, उरई राज्य की सबसे गर्म जगह रही, जहां अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
उसने बताया कि लखनऊ में रविवार को अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
आईएमडी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून सामान्य से कम सक्रिय रहा है और एक जून से 12 जुलाई के बीच राज्य में 190.9 मिलीमीटर की सामान्य बारिश के मुकाबले कुल 158.8 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है, जो 17 फीसदी की कमी है।
विभाग के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसमी बारिश में 35 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 16 फीसदी अधिक वर्षा हुई है।
आईएमडी ने बताया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसमी बारिश का वितरण असमान रहा है और मेरठ में सामान्य से 194 प्रतिशत, जबकि मुजफ्फरनगर में 191 फीसदी ज्यादा बारिश दर्ज की गई है।
विभाग ने बताया कि संभल, एटा, हाथरस और फिरोजाबाद में भी सामान्य से काफी ज्यादा वर्षा हुई है, जबकि पीलीभीत, गौतमबुद्ध नगर, शामली और मैनपुरी में मौसमी बारिश की भारी कमी बनी हुई है।
भाषा
आनन्द पारुल
पारुल

Facebook


