यूपी बोर्ड परीक्षाएं बुधवार से होंगी शुरू, 53 लाख से अधिक परीक्षार्थी होंगे शामिल

यूपी बोर्ड परीक्षाएं बुधवार से होंगी शुरू, 53 लाख से अधिक परीक्षार्थी होंगे शामिल

यूपी बोर्ड परीक्षाएं बुधवार से होंगी शुरू, 53 लाख से अधिक परीक्षार्थी होंगे शामिल
Modified Date: February 17, 2026 / 07:32 pm IST
Published Date: February 17, 2026 7:32 pm IST

लखनऊ, 17 फरवरी (भाषा) माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश (यूपी बोर्ड) की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 18 फरवरी को शुरू होंगी। इसमें 53 लाख से ज्यादा परीक्षार्थी शामिल होंगे।

राज्य सरकार द्वारा मंगलवार को यहां जारी एक बयान के मुताबिक, यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 18 फरवरी को शुरू होंगी, जो 12 मार्च को सम्पन्न होंगी। इसमें हाईस्कूल के 27 लाख 61 हजार 696 और इंटरमीडिएट के 25 लाख 76 हजार 82 यानी कुल 53 लाख 37 हजार 778 परीक्षार्थी शामिल होंगे।

बयान के मुताबिक, परीक्षाओं के लिए प्रदेश में कुल 8033 केन्द्र बनाए गए हैं। इनमें 596 राजकीय, 3453 अशासकीय सहायता प्राप्त और 3984 स्ववित्त पोषित विद्यालय शामिल हैं।

प्रदेश की माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी ने परीक्षा से एक दिन पहले मंगलवार को शिक्षा निदेशक (माध्यमिक), लखनऊ शिविर कार्यालय में स्थापित राज्य स्तरीय नियंत्रण कक्ष का उद्घाटन किया।

मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप इस वर्ष परीक्षा व्यवस्था को पूरी तरह तकनीक आधारित और पारदर्शी बनाया गया है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में 222 परीक्षा केंद्रों को अति संवेदनशील और 683 को संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। इन केंद्रों पर एसटीएफ और स्थानीय अभिसूचना इकाई को पूरी परीक्षा अवधि में सक्रिय रखा जाएगा और अति संवेदनशील केंद्रों पर दिन में दो बार तलाशी अभियान चलाया जाएगा।

अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा की निगरानी के लिए हर कक्ष में ‘वॉयस रिकॉर्डर’ युक्त दो सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।

उन्होंने बताया कि सम्पूर्ण परीक्षा अवधि की वेबकास्टिंग के माध्यम से निगरानी की जाएगी। उन्होंने बताया कि व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के लिए 8033 केन्द्र व्यवस्थापक, 8033 बाह्य केन्द्र व्यवस्थापक, 8033 स्टैटिक मजिस्ट्रेट, 1210 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 427 जोनल मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि नकल रोकने के लिए विशेष सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। आकस्मिक स्थिति के लिए सभी विषयों के अतिरिक्त रिजर्व प्रश्नपत्र सुरक्षित रखे गए हैं। उत्तर पुस्तिकाओं में चार रंगों में क्रमांक, परिषद का लोगो तथा सूक्ष्म अंकन सहित विशेष सुरक्षा उपाय जोड़े गए हैं जिससे उत्तर पुस्तिकाओं की अदला-बदली की संभावना समाप्त हो सके।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष पहली बार उप्र संस्कृत शिक्षा परिषद की परीक्षा की भी ऑनलाइन निगरानी की जाएगी।

भाषा सलीम शफीक

शफीक


लेखक के बारे में