लखनऊ, 12 सितंबर (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उनकी ‘प्रेस वार्ता’ का नाम बदलकर ‘प्रेस एकालाप’ कर देना चाहिए।
यादव ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘नाम बदलने वाले अब ‘प्रेस वार्ता’ का नाम बदलकर ‘प्रेस एकालाप’ कर दें क्योंकि जब सिर्फ बयान दिया जाना है और प्रेस को सवाल पूछने का अधिकार ही नहीं है तो बिना वार्तालाप ‘वार्ता’ शब्द का क्या अर्थ रह जाता है?’’
उन्होंने कहा, ‘‘माननीय सबका समय क्यों खराब कर रहे हैं, प्रेस विज्ञप्ति भेजकर ही काम चलाएं और दोनों का समय बचाएं।’’ सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया, ‘‘सत्य ये है कि उत्तर प्रदेश में सवालों की भरमार है लेकिन इनके पास जवाब ही नहीं हैं। मुंह मोड़कर जाना, मैदान छोड़कर भागना भी कहलाता है।’’
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार शासन में पक्षपात और प्रेस वार्ता में एकतरफा बयानबाजी कर रही है।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा, ‘‘अब क्या ये भी कहेंगे कि ‘प्रश्न सुनने के मूड में नहीं हैं’।’’
यादव ने एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें एक महिला पत्रकार मुख्यमंत्री से सवाल पूछने का प्रयास करती नजर आ रही हैं।
वीडियो में योगी आदित्यनाथ भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में प्रेस वार्ता के बाद वहां से जाते दिखाई दे रहे हैं।
योगी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की घोषणा के लिए शुक्रवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी के साथ संवाददाता सम्मेलन किया था।
प्रेस वार्ता के दौरान आदित्यनाथ ने अभियान के तहत राज्यभर में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा बताई जबकि चौधरी ने केंद्र की मोदी सरकार और उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।
भाषा जफर जितेंद्र
जितेंद्र