हाथरस (उप्र), आठ जून (भाषा) हाथरस जिले के सहपऊ कस्बे के एक हनुमान मंदिर के परिसर में 51 वर्षीय एक पुजारी सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाया गया। यह जानकारी पुलिस ने दी।
पुलिस ने बताया कि दिलीप उर्फ चंदू लाला का शव सोमवार सुबह सहपऊ कस्बे के हनुमान टीला मंदिर के बरामदे में पड़ा मिला। पुलिस के मुताबिक, मृतक अविवाहित था और दिव्यांग था। पुलिस ने बताया कि पुजारी दिलीप नगला सुखराम गांव का मूल निवासी था, वह पिछले सात महीनों से मंदिर में रह रहा था और वहां पूजा पाठ करता था।
अधिकारियों ने कहा कि प्रारंभिक निष्कर्षों से पता चलता है कि अज्ञात हमलावरों ने पुजारी के सिर पर हमला किया होगा। उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि सबूत इकट्ठा करने के लिए फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (सादाबाद) जे एन अस्थाना ने कहा कि पुलिस को मंदिर के अंदर पुजारी का शव पड़े होने की सूचना मिली। उन्होंने कहा, ‘एक फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आगे की जांच की जा रही है। घटना के संबंध में एक मामला दर्ज किया जा रहा है।’
पुलिस स्थानीय निवासियों से पूछताछ कर रही है और अपराध के पीछे के मकसद का पता लगाने के लिए सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस अधीक्षक ने मामले को सुलझाने और जिम्मेदार लोगों की पहचान करने के लिए कई टीम का गठन किया है।
भाषा सं जफर मनीषा अमित
अमित