आगरा, एक जून (भाषा) मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईओ) ज्ञानेश कुमार ने सोमवार को कहा कि शुद्ध मतदाता सूची ही पारदर्शी मतदान का आधार है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि मतदाता सूची को विसंगतियों से मुक्त रखना बेहद जरूरी है।
कुमार सोमवार को दो दिन की निजी यात्रा पर अपने गृह नगर आगरा पहुंचे। उन्होंने कहा, “मतदाताओं को समझना चाहिए कि शुद्ध मतदाता सूची ही पारदर्शी मतदान का आधार है।”
कुमार ने कहा कि उन्होंने उत्तर प्रदेश में मतदाता सूचियों की विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया पूरी होने के बाद पहली बार घर लौटने पर अपने माता-पिता का आशीर्वाद लिया।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि एसआईआर का काम पूरा होने के बाद माता-पिता का आशीर्वाद मिलना उनके लिए बहुत ही खास पल था।
परिजन के अनुसार, कुमार मंगलवार सुबह परिवार के सदस्यों के साथ आगरा के तीन प्रमुख मंदिरों (कैलाश मंदिर, राधा कृष्ण मंदिर और मनकामेश्वर मंदिर) में दर्शन-पूजन करेंगे।
केरल कैडर के 1988 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी कुमार ने 19 फरवरी 2025 को भारत के 26वें मुख्य निर्वाचन आयुक्त के रूप में पदभार संभाला था।
भाषा
सं आनन्द पारुल
पारुल