राजनाथ सिंह ने “ऑपरेशन सिंदूर” के शहीद सुनील कुमार के परिजनों से की मुलाकात

Ads

राजनाथ सिंह ने “ऑपरेशन सिंदूर” के शहीद सुनील कुमार के परिजनों से की मुलाकात

  •  
  • Publish Date - April 12, 2026 / 06:26 PM IST,
    Updated On - April 12, 2026 / 06:26 PM IST

लखनऊ, 12 अप्रैल (भाषा) रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने “ऑपरेशन सिंदूर” के शहीद सुनील कुमार के परिजनों से रविवार को मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। भाजपा की लखनऊ इकाई ने एक बयान में यह जानकारी दी।

बयान के अनुसार लखनऊ से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद राजनाथ ने शहीद की पत्नी सुजाता कुमारी, पुत्र सौरभ, शिवेश तथा परिवार के अन्य सदस्यों से भेंट कर उनका हालचाल जाना और उन्हें संबल प्रदान किया।

इस दौरान राजनाथ ने कालिदास मार्ग स्थित अपने आवास पर विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और व्यावसायिक संगठनों के प्रतिनिधिमंडलों से भी मुलाकात की। प्रतिनिधियों ने लखनऊ में चल रहे विकास कार्यों के लिए उनका आभार व्यक्त किया और क्षेत्र की अन्य आवश्यकताओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। इस बैठक में भाजपा की लखनऊ महानगर इकाई के अध्यक्ष आनंद द्विवेदी और महासचिव घनश्याम दास अग्रवाल भी मौजूद रहे।

इसके अलावा, भाजपा महानगर इकाई के पदाधिकारियों और नवनियुक्त पार्षदों के प्रतिनिधिमंडल ने भी रक्षा मंत्री से मुलाकात कर उनका सम्मान किया।

राजनाथ सिंह ने उत्तर प्रदेश साहित्य सभा, राज्य विश्वविद्यालय कर्मचारी संघ, कर्मचारी-शिक्षक संयुक्त मोर्चा तथा आदर्श व्यापार मंडल सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों से भी संवाद किया।

इस अवसर पर उन्होंने उत्तर प्रदेश विधानसभा का दौरा भी किया।

राजनाथ ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “आज उत्तर प्रदेश विधानसभा के गौरवशाली इतिहास और समृद्ध लोकतांत्रिक परंपराओं को नए रूप में जानने-समझने का अवसर मिला।”

उन्होंने विधानसभा परिसर में स्थापित ऑडियो-विजुअल संग्रहालय की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रदेश की समृद्ध विरासत को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से भी इस संग्रहालय का भ्रमण करने का आग्रह किया।

रक्षा मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा लोकतांत्रिक मूल्यों के सुदृढ़ीकरण और जन-जागरुकता के लिए सराहनीय कार्य कर रही है। उन्होंने इस पहल के लिए उत्तर प्रदेश सरकार और विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना को बधाई दी।

भाषा

आनन्द रवि कांत