रक्षाबंधन: उत्तर प्रदेश में महिलाओं को 27 से 29 अगस्त तक बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी

Ads

रक्षाबंधन: उत्तर प्रदेश में महिलाओं को 27 से 29 अगस्त तक बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी

  •  
  • Publish Date - August 24, 2026 / 12:15 AM IST,
    Updated On - August 24, 2026 / 12:15 AM IST

लखनऊ, 23 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रक्षाबंधन के अवसर पर राज्य में महिलाओं के लिए निशुल्क बस यात्रा के समय में वृद्धि की है।

उन्होंने रविवार को घोषणा की कि अब यह निशुल्क यात्रा 27 अगस्त की सुबह छह बजे से 29 अगस्त की मध्य रात्रि तक की जा सकेगी। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में महिला यात्री एक सहयोगी के साथ निशुल्क यात्रा कर सकेंगी।

एक आधिकारिक बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री ने परिवहन विभाग, पुलिस, प्रशासन और अन्य संबंधित विभागों को समन्वय के साथ काम करने तथा त्योहार के लिए महिलाओं की सुरक्षित और सुविधाजनक घर वापसी सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने अपने सरकारी आवास पर रक्षाबंधन के दृष्टिगत परिवहन निगम/विभाग, नगर विकास, पुलिस, यातायात विभागों के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की।

आदित्यनाथ ने रक्षाबंधन के दृष्टिगत नगर विकास विभाग की 900 से अधिक बसों में भी यह व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निजी बसों, ऑटो और टैक्सी चालकों के भी सत्यापन सुनिश्चित करते हुए महिला यात्रियों की सुरक्षा के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि सभी जिलों में 25 अगस्त तक बस, टैक्सी और ऑटो-टेम्पो यूनियनों के साथ समन्वय बैठक की जाए।

उन्होंने त्योहारों के दौरान प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर विशेष यातायात प्रबन्धन के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से मथुरा-वृन्दावन, अयोध्या, वाराणसी, प्रयागराज, चित्रकूट, विंध्याचल-मिर्जापुर और गोरखपुर जैसे स्थलों पर विशेष व्यवस्था करने के लिए कहा।

भाषा आनन्द आशीष

आशीष