नयी दिल्ली, 23 अगस्त (भाषा) मध्य दिल्ली में शनिवार रात लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) कार्यालय के पास दो कारों की टक्कर में छह लोग मामूली रूप से घायल हो गए, जिनमें किराड़ी के मौजूदा विधायक अनिल झा समेत दो विधायक शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, यह हादसा रात करीब 9:30 बजे हुआ, जब लक्ष्मी नगर से आईटीओ की ओर जा रही एक कार डिवाइडर से टकराने के बाद रेलिंग पार करते हुए सामने से आ रही एक इनोवा कार से जा भिड़ी।
कार को अपनी पत्नी और दो नाबालिग बच्चों के साथ यात्रा कर रहे 32-वर्षीय आशुतोष पांडे चला रहे थे। वहीं, इनोवा में झा और कर्नाटक के विधायक अभय पाटिल सवार थे।
पुलिस के मुताबिक, हादसे में सभी छह लोगों को मामूली चोटें आईं और उन्हें इलाज के लिए लोक नायक जय प्रकाश अस्पताल ले जाया गया। सभी की हालत स्थिर बताई गई है।
पुलिस ने बताया कि हादसे के सही कारणों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।
भाषा
शुभम सुरेश
सुरेश