दक्षिणपंथी संगठन के नेता ने ‘‘सनातन को निशाना बनाने वाले’’ फिल्म निर्माताओं पर हमले की धमकी दी

Ads

दक्षिणपंथी संगठन के नेता ने ‘‘सनातन को निशाना बनाने वाले’’ फिल्म निर्माताओं पर हमले की धमकी दी

  •  
  • Publish Date - February 22, 2026 / 03:05 PM IST,
    Updated On - February 22, 2026 / 03:05 PM IST

संभल (उप्र), 22 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के संभल में एक दक्षिणपंथी संगठन के नेता ने हाल की कई फिल्मों पर सनातन धर्म को ‘‘निशाना’’ बनाए जाने का आरोप लगाया है और फिल्म निर्माताओं के मुंबई स्थित घरों पर ‘‘हमला करने’’ की धमकी दी है।

क्षत्रिय करणी सेना के अध्यक्ष राज शेखावत ने शनिवार रात हल्लू सराय में चामुंडा मंदिर में पूजा करने के बाद संवाददाताओं से बात करते हुए ‘यादव जी की लव स्टोरी’ और ‘घूसखोर पंडत’ जैसी फिल्मों पर सख्त नाराजगी जताई।

शेखावत ने कहा, ‘अब समय आ गया है कि हमारे देवी-देवताओं और संस्कृति के खिलाफ फिल्म बनाने वाले निर्माताओं और निर्देशकों को घरों में घुसकर उन्हें सबक सिखाया जाए।’’

उन्होंने दावा किया कि ‘‘क्षत्रिय और ब्राह्मण समुदायों को निशाना बनाने के बाद’’ फिल्म निर्माता अब सिनेमा के जरिए यादव समुदाय की ‘‘बेइज्जती’’ कर रहे हैं।

शेखावत ने आरोप लगाया कि फिल्म निर्माता ‘‘युवाओं को गुमराह करने’’ और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली सामग्री परोसने के लिए अभिव्यक्ति की आजादी का बहाना बनाते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं करणी सेना के कार्यकर्ताओं को तैयार रहने के लिए कह रहा हूं। हम जल्द ही मुंबई जाएंगे और ऐसे फिल्मकारों के खिलाफ उनके घरों में जाकर कार्रवाई करेंगे।’’

आगामी 27 फरवरी को रिलीज होने वाली हिंदी फिल्म ‘यादव जी की लव स्टोरी’ के निर्माता, निर्देशक और मुख्य अभिनेताओं के खिलाफ 18 फरवरी को संभल में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

भाषा सं. सलीम सिम्मी

सिम्मी