ताजमहल की मीनार पर वीडियो बनाने वाला सफाईकर्मी बर्खास्त

Ads

ताजमहल की मीनार पर वीडियो बनाने वाला सफाईकर्मी बर्खास्त

  •  
  • Publish Date - April 29, 2026 / 10:11 PM IST,
    Updated On - April 29, 2026 / 10:11 PM IST

आगरा, 29 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के आगरा में विश्व धरोहर ताजमहल की एक मीनार पर चढ़कर नियमों के विरुद्ध वीडियो बनाने और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के आरोप में एक सफाईकर्मी को बर्खास्त कर दिया गया है।

इस घटना के बाद ताजमहल परिसर के प्रतिबंधित क्षेत्रों में ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों के मोबाइल फोन रखने पर भी रोक लगा दी गई है।

ताजमहल के वरिष्ठ संरक्षण सहायक कलंदर बिंद ने बुधवार को बताया कि इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया गया एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें ताजमहल का 360 डिग्री दृश्य दिखाया गया था। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई कि यह वीडियो ताजमहल की किसी मीनार पर चढ़कर बनाया गया है, जहां आम लोगों का प्रवेश प्रतिबंधित है।

उन्होंने बताया कि भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण द्वारा कराई गई जांच में सामने आया कि यह वीडियो पांच-छह दिन पुराना है और इसे परिसर में कार्यरत विशाल नामक एक संविदा सफाई कर्मचारी ने ड्यूटी के दौरान मीनार पर चढ़कर बनाया था।

बिंद ने बताया कि वीडियो हटवाने के बाद संबंधित कर्मचारी को तत्काल प्रभाव से सेवा से हटा दिया गया।

उन्होंने कहा कि ताजमहल की मीनारें, गुंबद और भूमिगत कक्ष प्रतिबंधित क्षेत्र हैं, जहां वीडियोग्राफी की अनुमति नहीं है। साथ ही इन स्थानों पर ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों के मोबाइल फोन ले जाने पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है।

भाषा

सं, सलीम रवि कांत